G News 24 : भारत फिर दिखाने जा रहा अपनी 'ग्लोबल' पावर,5 मार्च से दिल्ली में जुटेंगे दुनियाभर के नेता !

 मिडिल ईस्ट में 'तबाही' के बीच ...

भारत फिर दिखाने जा रहा अपनी 'ग्लोबल' पावर,5 मार्च से दिल्ली में जुटेंगे दुनियाभर के नेता !

पांच मार्च से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में  रायसीना डायलॉग 2026 सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है. यह सम्मेलन ऐसे समय पर हो रहा है, जब पूरा मिडिल ईस्ट जंग में फंसा है. जहां दुनिया के अधिकांश देश युद्ध और अन्य प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो दूसरी ओर भारत फिर से अपनी ग्लोबल पावर दिखाने को तैयार है. 

मिडिल ईस्ट इस समय बड़े युद्ध से गुजर रहा है. यूएस-इजरायल ने एक साथ ईरान पर गत शनिवार को हमला बोला. इसका बदला लेते हुए तेहरान ने खाड़ी में 10 से अधिक देशों में स्थित अमेरिका के सैन्यबेस को निशाना बनाया. जहां एक ओर दुनिया के कई बड़े और दिग्गज देश युद्ध जैसी बड़ी समस्या से जूझ रहे हैं, तो दूसरी ओर भारत एक बार फिर वैश्विक स्तर पर एक बड़े लीडर के तौर पर उभरा है.  

दरअसल, नई दिल्ली में 5 से 7 मार्च तक रायसीना डायलॉग 2026 का आयोजन होने जा रहा है. इस कार्यक्रम में कई देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधि पहुंच चुके हैं या पहुंचने वाले हैं. भूटान, मॉरीशस, सेशेल्स और श्रीलंका के विदेश मंत्री फिलहाल जियोपॉलिटिकल और जियो-इकोनॉमिक सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आ चुके हैं. 

इन देशों के नेता भी पहुंचे भारत 

बुधवार को MEA की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि भूटान के विदेश मंत्री ल्योनपो दीना नाथ धुंग्येल आज (4 मार्च) भारत पहुंच गए हैं. मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल, श्रीलंका के विदेश मामलों, विदेशी रोजगार एवं पर्यटन मंत्री विजिता हेराथ और सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फाउरे के पांच मार्च को दिल्ली में पहुंचने की संभावना है. दुनिया भर के देशों से नई दिल्ली पहुंचे ये प्रतिनिध रायसीना डॉयलॉग में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय सहयोग, व्यापार, सुरक्षा और वैश्विक चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होगी.  

कौन होगा रायसीना डॉयलॉग का मुख्य अतिथि? 

बता दें कि फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचे. वे 11वें रायसीना डॉयलॉग के में मुख्य अतिथि होंगे और  कीनोट स्पीकर के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति स्टब की पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात होनी है. इस दौरान दोनों नेताओं में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, तकनीक और क्लाइमेट चेंज जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. 

अमेरिका भी होगा शामिल 

ईरान के साथ युद्ध में व्यस्त अमेरिका भी भारत में होने वाले रायसीना डॉयलॉग में शामिल होगा. अमेरिका की ओर से डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे. 3 मार्च को वह दिल्ली पहुंच चुके हैं और वह 6 मार्च तक नई दिल्ली में रहेंगे. 

क्या है रायसीना डॉयलॉग? 

गौरतलब है कि रायसीना डॉयलॉग भारत का सबसे बड़ा मल्टीलेटरल सम्मेलन है. इस सम्मेलन में दुनिया भर के नेता, नीति निर्माता, विशेषज्ञ, उद्योगपति और पत्रकारों को एक मंच पर लाता है, जिसमें दुनिया भर के कई मुद्दों पर चर्चा होती है. इस सम्मेलन का इस साल का थीम  'संस्कार: Assertion, Accommodation, Advancement' है.

Reactions

Post a Comment

0 Comments