देश में सूट-बूट और लूट की सरकार : कमलनाथ

दिलों को जोड़ेगी राहुल गांधी की यात्रा !

देश में सूट-बूट और लूट की सरकार : कमलनाथ

भारत जोड़ों यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ मंगलवार को इंदौर में थे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की बैठक में यात्रा को लेकर रणनीति बनाई और पत्रकारों से भी चर्चा की। नाथ ने कहा कि देश में एकता और अखंडता को स्थान वैमनस्यता ने ले लिया है।  देश की संस्कृति, समाज और अर्थव्यवस्था को तोड़ने का काम किया जा रहा है। महंगाई चरम पर है, लेकिन केंद्र और मध्य प्रदेश की सरकारें खुद की ब्रांडिंग के लिए इवेंट कर रही है। 

ये सरकार केवल सूट-बूट की नहीं लूट की सरकार है। कमल नाथ ने कहा कि प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा धार्मिक, सांस्कृतिक और जननायकों से जुड़े स्थानों पर पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य  हम सब भारतीय है के भाव को मजबूत करना है। कमल नाथ ने कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक ली और कहा कि सभी इस यात्रा से दिल से जुड़े। हमारी तरफ से कोई आदेश-निर्देश नहीं दिए जा रहे है। 

यह यात्रा देश को जोड़ने के लिए की जा रही है। आप लोगों की निष्ठा ही इसे सफल बनाएगी। ये यात्रा देशवासियों के दिलों को जोड़ने के लिए है। बैठक में तय हुआ कि राहुल गांधी चोरल के बजाए महू में रात्रि विश्राम करेंगे। वे सिमरोल से आंबाचंदन गांव होते हुए महू पहुंचेंगे। पहले तय हुआ था कि यात्रा तेजाजी नगर होते हुए इंदौर में प्रवेश करेगी। कमल नाथ ने कुछ अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लिया।

कमल नाथ का स्वागत करने सुबह एयरपोर्ट पर कई नेता पहुंचे। कांग्रेस नेता गजेंद्र वर्मा को एयरपोर्ट पर प्रवेश नहीं मिला तो वे शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल पर भड़क गए और बोले कि शहर से कांग्रेस को खत्म कर दिया। नेताओं का सम्मान भी नहीं किया जा रहा है। बाद में केके मिश्रा वर्मा को समझाते हुए एक तरफ ले गए।

Comments