जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर दुर्गेश व उपाध्यक्ष पद पर प्रियंका निर्विरोध निर्वाचित

राज्य मंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को दी बधाई…

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर दुर्गेश व उपाध्यक्ष पद पर प्रियंका निर्विरोध निर्वाचित

ग्वालियर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत ग्वालियर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार को सम्पन्न हुई। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर श्रीमती दुर्गेश कुँबर सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती प्रियंका सतेन्द्र सिंह भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई हैं।  कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी  कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन सम्पन्न कराया। साथ ही अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को निर्वाचित होने के प्रमाण-पत्र प्रदान किए। शुक्रवार को यहाँ सिरोल रोड़ स्थित जिला पंचायत के नवीन सभागार में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित प्रियंका सतेन्द्र सिंह को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए निर्धारित समय तक केवल एक उम्मीदवार अर्थात दुर्गेश कुँबर सिंह द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। नामांकन दाखिल करने के लिए निर्धारित समय पूरा होने के बाद कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह द्वारा दुर्गेश के नामांकन की जाँच की गई। जाँच में नामांकन सही पाए जाने पर पीठासीन अधिकारी  सिंह ने दुर्गेश को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। जिले के ग्राम मुगलपुरा निवासी दुर्गेश जिला पंचायत ग्वालियर के वार्ड क्र.-3 से सदस्य पद पर निर्वाचित हुई हैं। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिये भी केवल प्रियंका सतेन्द्र सिंह द्वारा नामांकन प्रस्तुत किया गया। नामांकन दाखिल करने के लिए निर्धारित समय पूरा होने के बाद कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह द्वारा प्रियंका के नामांकन की जाँच की गई। 

जाँच में नामांकन सही पाए जाने पर पीठासीन अधिकारी सिंह ने प्रियंका को जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित कर दिया गया। जिले के ग्राम पारसेन निवासी प्रियंका जिला पंचायत ग्वालियर के वार्ड क्र.-1 से सदस्य पद पर निर्वाचित हुई हैं। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने जिला पंचायत कार्यालय पहुँचकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष दुर्गेश कुँबर सिंह एवं उपाध्यक्ष प्रियंका सतेन्द्र सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के सभी सदस्य मिल-जुलकर जिले के ग्रामीण अंचल के विकास को आगे बढ़ाएँ। साथ ही विकास की नई इबारत लिखें। प्रदेश सरकार से ग्रामीण अंचल के विकास के लिये हर संभव सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्यगण तथा भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

Comments