BJP में कार्यकर्ताओं के कार्य का मूल्यांकन होता है : गोविंद सिंह राजपूत

खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण…

BJP में कार्यकर्ताओं के कार्य का मूल्यांकन होता है : गोविंद सिंह राजपूत

 

भोपाल। प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंगलवार को कहा कि भाजपा ही देश की एक मात्र लोकतांत्रिक पार्टी है, जिसमें हर साधारण से साधारण कार्यकर्ता के कार्य का भी मूल्यांकन किया जाता है। उसके कार्य के आधार पर उस कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक इस बात के उदाहरण है कि भाजपा में सही मायने में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए लोकतंत्र है। राजस्व एवं परिवहन मंत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में पर्यावास भवन भोपाल में खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह मोकलपुर के पदभार ग्रहण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

राजस्व एवं परिवहन मंत्री ने कहा कि आज का दिन बुंदेलखण्ड की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लिए बहुत ही गौरवशाली है। राजेंद्र सिंह के खनिज विकास निगम का उपाध्यक्ष बनने से हमारे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री राजूपत ने कहा कि हम सबसे बढ़कर हमारी पार्टी है। किस कार्यकर्ता को समय-समय पर क्या स्थान देना है, यह सरकार और पार्टी मिलकर तय करती रहती है। देश में जो सम्मान पार्टी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को मिलता है, वह देश के किसी दूसरे राजनैतिक दल में नहीं है।

राजेंद्र सिंह मोकलपुर को शुभकामनाएं देते हुए राजस्व एवं परिवहन मंत्री ने कहा कि वह अपनी मेहनत से खनिज विकास निगम को तथा उसके उदेश्य को आगे बढ़ाएंगे। श्री सिंह से उम्मीद जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अनुसार अफसरों के साथ तालमेल करके वह खनिज संसाधन की दिशा में बेहतर कार्य करेंगे। खनिज मंत्री ब्रिजेंद्र प्रताप सिंह का जिक्र करते हुए श्री राजपूत ने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि खनिज विभाग के मंत्री भी बुंदेलखंड से नाता रखते हैं, उम्मीद है कि हम सभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा पर खरे उतरेंगे।

व्यक्ति के जीवन में निराशा नहीं आनी चाहिएः भूपेद्र सिंह

पदभार ग्रहण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए प्रदेश के नगरीय आवास एवं विकास मंत्री ठाकुर भूपेद्र सिंह ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता या व्यक्ति के जीवन में निराशा नहीं आनी चाहिए। मैं ऐसे कई उदाहरण जानता हूं, जिनके मन में सेवा भाव हो, उसे ईश्वर अवसर जरूर देता है। राजेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई देते हुए नगरीय आवास एवं विकास मंत्री ने कहा कि आज मां नर्मदा की जयंती है इस पुनीत अवसर पर राजेद्र सिंह जिस दायित्व को ग्रहण कर रहे हैं, मुझे उम्मीद है कि वह इसे बेहतर ढंग से कार्य कर पाएंगे।

अपने राजनीतिक यात्रा की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि राजेंद्र सिंह जब मंडी के अध्यक्ष हुआ करते थे तब में उपाध्यक्ष था और सियासत में मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है। उनके मन में हमेशा सिर्फ सेवा भाव ही रहता है। वह राजनीतिक से ज्यादा सामाजिक सरोकार से जुड़े व्यक्तिव के धनी हैं। उनके सेवा भाव को देखकर ही मैंने पार्टी में उन्हें शामिल कराया था। श्री सिंह ने कहा कि राजेंद्र सिंह के उपाध्यक्ष बनने से मैं अपनी जिम्मेदारियों से कुछ हल्का महसूस कर रहा हूं, क्योंकि मुख्यमंत्री ने बहुत सोच-समझकर यह जिम्मेदारी उन्हें दी है।

बुंदेलखंड का जिक्र करते हुए नगरीय आवास एवं विकास मंत्री ने कहा कि यहां प्रचुर मात्रा में खनिज संपदा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेत्तृव में जो काम अभी हो रहे हैं, वह अद्दूतीय हैं।  केन-बेताबा लिंक परियोजना का जिक्र करते हुए श्री सिंह ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र में समृद्धि और विकास की एक नई इवारत लिखी जाएगी। उन्हें उम्मीद जताई की खनिज संपदा का सही दोहन करेंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा और विकास नजर आएगा।

हम मिलकर कार्य करेंगेः राजेंद्र सिंह

पदभार ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोकलपुर ने कहा कि मैं मध्यमवर्गीय परिवार से हूं, 1985 से 1991 तक मैंने नगरीय विकास आवास मंत्री के साथ मंडी में काम किया है। श्री सिंह के मार्गदर्शन में हम कार्य कर रहे हैं। खनिज संसाधन के क्षेत्र में बुंदेलखंड और प्रदेश के विकास के लिए हम जो कर सकते हैं, अफसरों के साथ मिलकर एक बेहतरीन रणनीति पर काम करेंगे।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम को भाजपा जिलाअध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया है और आभार प्रदर्शन सुशील तिवारी ने किया। इस अवसर पर बीना विधायक महेश राय, शमशाबाद विधायक राजश्री सिंह, भाजपा के प्रदेश मंत्री प्रभुदयाल पटेल, खनिज विकास निगम के संचालक वरदमूर्ति मिश्रा, पूर्व विधायक रूद्रप्रताप सिंह, एससी नेमा, डीके शर्मा सहित निगम के अधिकारी   सागर जिले के समस्त भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

Comments