Plot पर निर्माण कार्य करने गए रिटायर्ड फौजी व मजदूरों पर हुई फायरिंग

महाराजपुरा थाना क्षेत्र की हद में स्थित भगवान नगर में…

प्लाट पर निर्माण कार्य करने गए रिटायर्ड फौजी व मजदूरों पर हुई फायरिंग

ग्वालियर। महाराजपुरा थाना क्षेत्र की हद में स्थित भगवान नगर में अपने प्लाट पर काम कराने के लिए रिटायर्ड फौजी जोर सिंह मजदूर लेकर गए थे। प्रशांत गुर्जर व उसके भाई ने इस प्लाट पर अपना मालिकाना जताते हुए मजदूरों को भागने का प्रयास किया। इसका प्रतिरोध करने पर प्रशांत व उसके साथियों ने एक मकान की छत पर चढ़कर रायफल से फायरिंग करना शुरू कर दी। गोली चलते ही मजदूर व जोर सिंह ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। फायरिंग की घटना सोमवार की है। 

महाराजपुरा थाना पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार की देर रात को आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष प्लाट की रजिस्ट्री होने का दावा कर रहे हैं। पिंटो पार्क निवासी जोर सिंह पुत्र निर्भय सिंह रिटायर्ड फौजी है। उनका कहना है कि काफी समय पहले भगवान पुरा में भविष्य में मकान बनवाने के लिए प्लाट खरीदा था। इसकी रजिस्ट्री भी उनके पास है। मंगलवार को वह मजदूर लेकर प्लाट पर काम कराने के लिए गए थे। 

उसी समय प्रशांत गुर्जर, अपने भाई व आफिसर गुर्जर के साथ वहां आ गए। प्लाट पर काम कर रहे मजदूरों को भागने लगे। उनका कहना था कि यह प्लाट तो उनका है। जोर सिंह के प्रतिरोध करने पर आरोपित झगड़ा करने लगे। विवाद बढ़ने पर प्रशांत सिंह एक मकान की छत पर चढ़ गया, और उसने रायफल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने पर जान बचाकर भागना पड़ा। दो दिन की पड़ताल के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments