हमें कांग्रेस के लिए प्रदेश का दरवाजा बंद करना है : सिंधिया

मंडल सम्मेलनों में सांसद ने किया कार्यकर्ताओं को संबोधित…

हमें कांग्रेस के लिए प्रदेश का दरवाजा बंद करना है : सिंधिया


ग्वालियर। 15 महीनों में कांग्रेस पूरी सरकार वल्लभ भवन से चल रही थी। मुखौटा कमलनाथ का था और रिमोट दिग्विजय के पास था। ओलावृष्टि और अतिवृष्टि के बाद कांग्रेस का एक भी नेता किसान के पास नहीं पहुंचा। प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री का चेहरा तक नहीं देखा। सड़क तो छोड़ो,  एक हैंडपंप तक नहीं लगा। भाजपा सरकार की सभी जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया। मैंने विकास कार्यों के लिए सड़क पर उतरने को कहा तो कमलनाथ ने मेरी नहीं सुनी। जिसके बाद मैंने कांग्रेस को सड़क पर ला दिया। अब 3 नवम्बर को होने वाले चुनाव में हमें मिलकर कांग्रेस के लिए प्रदेश का दरवाजा हमेशा के लिए बंद करना है। 

यह बात वरिष्ठ नेता एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने करैरा, पोहरी और बमौरी के मंडल सम्मेलनों में कही। श्री सिंधिया ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, तो इसके पीछे दो कारण है। पहला कारण यह है कि इस पार्टी का नेतृत्व आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं, जिन्होंने भारत का नाम विश्व पटल पर पहुंचाया है। दूसरा कारण भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत है। संगठन की क्षमता में जितना महत्वपूर्ण व्यक्तिगत योगदान होता है उससे अधिक अहम कार्यकर्ता की मेहनत होती है। हमारा कार्यकर्ता हमारे परिवार का सदस्य है। इसी भाव से हमें चुनाव के मैदान में जाना है और जीत हासिल करनी है। 

श्री सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान की सरकार जब से आई है, लगातार विकास कर रही है। जो आप मांग रहे हैं, वह तो दिया ही है, जो आपने नहीं मांगा, वह भी दे रही है। करैरा में 300 करोड़ की योजनाओं की स्वीकृति इस बात की उदाहरण है कि शिवराज जी की सरकार जनता की समस्याओं के प्रति कितनी संवेदनशील है। श्री सिंधिया ने कहा कि आने वाला चुनाव ग्वालियर-चंबल संभाग के विकास, प्रगति और स्वाभिमान का चुनाव है। इस उपचुनाव को पूरा देश देख रहा है, जो मध्यप्रदेश में नया इतिहास रचेगा। इसलिए हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह इतिहास में अपनी सहभागिता दर्ज कराए।

Comments