कंट्रोल रूम प्रारंभ कर किसानों की समस्या का हो तत्काल निराकरण : श्री सिंह

कलेक्टर ने डबरा पहुँचकर किसानों से की चर्चा,हड़ताल समाप्त…

कंट्रोल रूम प्रारंभ कर किसानों की समस्या का हो तत्काल निराकरण : श्री सिंह

ग्वालियर। किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है। किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिये कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को डबरा मंडी प्रांगण में पहुँचकर चर्चा की। किसानों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह से चर्चा के उपरांत किसानों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है। 

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने किसानों से चर्चा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि 20 तौलकांटे तत्काल प्रारंभ किए जाएं। किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु कंट्रोल रूम प्रारंभ कर खरीदी में किसानों को जो भी समस्या हो उसका तत्काल निराकरण हो। किसानों से समर्थन मूल्य पर की जा रही खरीददारी की निगरानी हेतु सरकारी खरीदी केन्द्र पर निगरानी समिति का गठन किया जाए। इन समितियों में किसानों को भी सम्मिलित किया जाए। 

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि जिला स्तर से खरीदी संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जायेगा। साथ ही प्रदेश स्तरीय समस्याओं के लिये प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी से किसानों की चर्चा भी कराई जायेगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि किसानों पर जो पुलिस प्रकरण कायम किया गया, उस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जायेगा। 

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया कि सभी खरीदी केन्द्रों पर शासन के दिशा-निर्देशानुसार फ्लैक्स बैनर लगाए जाएँ। खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधा हेतु छाया, पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी निर्देशित किया कि समर्थन मूल्य पर खरीदी हेतु 2200 किसानों को तत्काल एसएमएस कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। किसानों से चर्चा करते समय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डबरा प्रदीप शर्मा, एडिशनल एसपी जयराम कुबेर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Comments