रायसेन के 200 कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल

कमलनाथ का आरोप-भाजपा ने सोशल डिस्टेंसिंग का उड़ाया माखौल…
रायसेन के 200 कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल

भोपाल। रायसेन के 200 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। भाजपा की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। यह सभी कांग्रेस कार्यकर्ता सांची विधानसभा और रायसेन नगर ग्रामीण के हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा पूर्व मंत्री प्रभुराम चौधरी और रामपाल सिंह मौजूद रहे।

इधर, कमलनाथ ने भाजपा पर इस कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट कर कहाकि प्रदेश में आमजन के लिये इस लॉकडाउन में शादी समारोह हो या गमी में संख्या तय है। आम लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं तो उन पर तुरंत कार्रवाई भी हो रही है। वहीं आपके भाजपा कार्यालय में आज लॉकडाउन में आपकी व अन्य ज़िम्मेदार भाजपा नेताओं की उपस्थिति में एक भीड़भरा कार्यक्रम आयोजित होता है, नियमों का जमकर मखौल उड़ता है। 




मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पूरा भाजपा परिवार और एक एक कार्यकर्ता आपके साथ एक होकर काम करेगा। जिस तरह दूध में शक्कर मिल जाती है, ठीक वैसे ही हम मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनर्गल प्रलाप करेगी, झूठ फैलाने की कोशिश करेगी लेकिन सजग और सावधान होकर हमें चुनाव में लगना है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। इसके लिए यहां पर भले ही चौहान मुख्यमंत्री और वे प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व पर हैं, लेकिन हम सब कार्यकर्ता की भूमिका में नजर आते है।

Comments