सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से हुई...
CAA लागू कर सरकार ने बापू की इच्छा पूरी की : राष्ट्रपति कोविंद
नई दिल्ली l संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है. संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित कर रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के भाषण के दौरान उस वक्त विपक्ष ने हंगामा किया जब उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून का जिक्र किया.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) से बापू का सपना पूरा हुआ है. उन्होंने कहा, 'विभाजन के बाद बने माहौल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि- “पाकिस्तान के हिंदू और सिख, जो वहां नहीं रहना चाहते, वे भारत आ सकते हैं. उन्हें सामान्य जीवन मुहैया कराना भारत सरकार का कर्तव्य है.'
उन्होंने कहा, 'मैं पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार की निंदा करते हुए, विश्व समुदाय से इसका संज्ञान लेने और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह करता हूं.'
राष्ट्रपति ने कहा, 'मेरी सरकार यह फिर से स्पष्ट करती है कि भारत में आस्था रखने वाले और भारत की नागरिकता लेने के इच्छुक दुनिया के सभी पंथों के व्यक्तियों के लिए जो प्रक्रियाएं पहले थीं, वे आज भी वैसी ही हैं'
राष्ट्रपति ने कहा, मेरी सरकार का यह साफ मानना है कि आपसी संवाद और बातचीत से लोकतंत्र मजबूत होता है. वहीं विरोध के नाम पर किसी भी तरह की हिंसा समाज और देश को कमजोर करती है.' राष्ट्रपति ने कहा, 'मेरी सरकार, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र पर चलते हुए, पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम कर रही है'
राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, 'संसद के दोनों सदनों द्वारा दो तिहाई बहुमत से संविधान के अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 ए को हटाया जाना, न सिर्फ ऐतिहासिक है बल्कि इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के समान विकास का भी मार्ग प्रशस्त हुआ है.'
उन्होंने कहा, 'जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का तेज विकास, वहां की संस्कृति और परंपराओं की रक्षा, पारदर्शी व ईमानदार प्रशासन और लोकतंत्र का सशक्तीकरण, मेरी सरकार की प्राथमिकताओं में हैं'
राष्ट्रपति ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कनेक्टिविटी, सिंचाई, अस्पताल, पर्यटन से जुड़ी योजनाओं एवं IIT, IIM, AIIMS जैसे उच्च शिक्षा के संस्थानों की स्थापना का काम भी तेजी से चल रहा है.'
उन्होंने कहा, 'मेरी सरकार ने रिकॉर्ड समय में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण करके, गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर इसे राष्ट्र को समर्पित किया'
'मेरी सरकार के विशेष आग्रह पर सउदी अरब ने हज कोटा में अभूतपूर्व वृद्धि की थी जिस वजह से इस बार रिकार्ड 2 लाख भारतीय मुस्लिमों ने हज में इबादत की। भारत पहला ऐसा देश है जिसमें हज की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और ऑनलाइन की जा चुकी है. '
राष्ट्रपति ने कहा, 'देश की राजधानी दिल्ली में रहने वाले 40 लाख से ज्यादा लोग, बरसों से इस अपेक्षा में जी रहे थे कि एक दिन उन्हें अपने घर का मालिकाना हक और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार मिलेगा. दिल्ली की 1,700 से अधिक कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की इस अपेक्षा को भी सरकार ने पूरा किया है.'
राष्ट्रपति ने कहा, 'दुनियाभर से आने वाली चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था की नींव मजबूत है। हमारा विदेशी मुद्रा भंडार 450 बिलियन डॉलर से भी ऊपर के ऐतिहासिक स्तर पर है.'
उन्होंने कहा, 'मेरी सरकार भारत की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी स्टेकहोल्डर्स से बातचीत करके अर्थव्यवस्था में हर स्तर पर काम किया जा रहा है.'
बजट सत्र से पहले पीएम मोदी ने कही यह बात
इससे पहले PM नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वह चाहते हैं कि संसद में आर्थिक विषयों पर बहुत अच्छी चर्चा हो. उन्होंने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सत्र में दशक की मजबूत नींव पड़े.
पीएम मोदी ने कहा कि यह सत्र आर्थिक विषयों पर केंद्रित होगा. उन्होंने कहा हमें यह भी देखना है कि कैसे भारत वैश्विक परिस्थितियों का फायदा उठा सके. उन्होंने कहा की आज सुबह 11 राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अभिभाषण होगा और शनिवार को बजट पेश किया जाएगा.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि सरकार संसद के आगामी बजट सत्र में सभी मुद्दों पर चर्चा करेगी. वह बजट सत्र की पूर्व संध्या पर सर्वदलीय बैठक को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा, "ज्यादातर संसद सदस्यों ने देश की आर्थिक स्थिति पर चर्चा कराने के लिए कहा है. मैं इसका स्वागत करता हूं और हमें आपके द्वारा सुझाए गए आर्थिक मुद्दों पर चर्चा करने की आवश्यकता है." प्रधानमंत्री ने सदस्यों से आग्रह किया कि वे देखें कि देश मौजूदा वैश्विक आर्थिक परिदृश्य से कैसे लाभान्वित हो सकता है.



0 Comments