संसद का बजट सत्र आज से...
वित्त मंत्री आज पेश करेंगी देश का आर्थिक सर्वेक्षण
संसद का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है। राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ आज बजट सत्र की शुरुआत हो जाएगी। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में आम बजट पेश करेंगी। इससे पहले वित्तमंत्री आत सदन में 2019—20 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी।
बता दें कि संसद का पिछला सत्र समाप्त होने से ठीक पहले केंद्र सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून को पास कराया था। जिसके बाद से करीब 2 महीने से देश के विभिन्न शहरों में विरोध जारी है। ऐसे में नागरिकता कानून को लेकर संसद सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बजट सत्र दो चरणों में होगा। पहला चरण 31 जनवरी से शुरू होकर 11 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद दूसरा चरण 2 मार्च से शुरू होकर 3 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान सरकार बजट के विभिन्न प्रावधानों को चर्चा के बाद पास कराने की कोशिश करेगी। निर्मला सीतारमण का बतौर वित्त मंत्री यह दूसरा बजट होगा। मई 2019 में चुनाव जीतने के बाद मोदी सरकार ने जुलाई में अपना पहला बजट पेश किया था।
आज पेश होगा 2019—20 का आर्थिक सर्वेक्षण
आम बजट से ठीक पहले संसदीय परंपरा के अनुसार वित्तमंत्री आज 2019—20 के लिए देश का आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। देश की विकास दर घटने और औद्योगिक उत्पादन घटने की खबरों के बीच इस बार के आर्थिक सर्वेक्षण पर सभी की नजरें होंगी।



0 Comments