मध्य प्रदेश में मेट्रो संचालन से जुड़े हालिया फैसले जनसुविधा की मूल भावना पर गंभीर सवाल ???
“मेट्रो जनसुविधा या कुछ धनकुबेरों का निजी मनोरंजन-आयोजन स्थल बनने जा रही है !”
भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मेट्रो ट्रेन के संचालन और रखरखाव के साथ-साथ उसमें निजी आयोजनों,जैसे किटी पार्टी, शादी शूटिंग और अन्य मनोरंजन कार्यक्रमों की अनुमति देने का विचार अब व्यापक बहस का विषय बनता जा रहा है। यह निर्णय केवल एक प्रशासनिक प्रयोग नहीं, बल्कि सार्वजनिक संसाधनों की प्राथमिकताओं और सरकार की सोच का आईना भी है।
मेट्रो जैसी आधुनिक परिवहन व्यवस्था का मूल उद्देश्य शहरों में सुलभ, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना है। लेकिन जब इसी व्यवस्था को निजी आयोजनों के लिए खोला जाता है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या सरकार जनहित से भटक रही है ?
यात्रियों की सुविधा बनाम इवेंट संस्कृति
मेट्रो ट्रेन आम नागरिकों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनने जा रही है। ऐसे में यदि ट्रेन या उसके कोच निजी आयोजनों के लिए बुक किए जाते हैं, तो नियमित यात्रियों के सामने असुविधा की स्थिति उत्पन्न होना तय है। स्टेशन पर समय पर पहुंचने के बावजूद यदि ट्रेन उपलब्ध न हो या देरी से चले, तो यह सीधे-सीधे आम जनता के समय और विश्वास दोनों के साथ खिलवाड़ होगा।
संघर्ष और अव्यवस्था की आशंका-
प्राइवेट इवेंट और आम यात्रियों का एक ही स्थान पर होना कई बार टकराव की स्थिति पैदा कर सकता है। एक ओर जहां आयोजनकर्ता अपने कार्यक्रम को प्राथमिकता देंगे, वहीं दूसरी ओर रोजमर्रा के यात्री अपने अधिकारों को लेकर आक्रोशित हो सकते हैं। इससे मेट्रो परिसर में विवाद, झगड़े और अव्यवस्था बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
एक विशेष तय समय तक मेट्रो अमीरों की जागीर बन जाएगी- यह भी एक गंभीर चिंता है कि ऐसे फैसले मेट्रो को धीरे-धीरे एक “प्रीमियम स्पेस” में बदल सकते हैं, जहां केवल पैसे वाले लोग ही विशेष सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।जबकि सच्चाई यह है कि मेट्रो परियोजना में लगा धन हर करदाता का है, चाहे वह अमीर हो या गरीब। ऐसे में संसाधनों का समान और न्यायसंगत उपयोग सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
समाधान: राजस्व बढ़ाने के बेहतर विकल्प
राजस्व बढ़ाने के लिए मेट्रो को निजी आयोजनों का मंच बनाने के बजाय सरकार को अन्य व्यवहारिक विकल्पों पर ध्यान देना चाहिए।
- मेट्रो स्टेशनों पर विज्ञापन स्पेस विकसित किए जा सकते हैं
- ट्रेन के अंदर डिजिटल और ब्रांडेड विज्ञापन लगाए जा सकते हैं
- स्टेशन परिसर में रिटेल और फूड आउटलेट्स को बढ़ावा दिया जा सकता है।
ये उपाय न केवल राजस्व बढ़ाएंगे, बल्कि यात्रियों की सुविधा पर भी कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं डालेंगे।इसलिए डा. मोहन यादव की सरकार को इस प्रकार के मूर्खतापूर्ण फैसले लेने से बचना चाहिए, एवं प्राथमिकताओं की पुनर्समीक्षा करें, क्योंकिमेट्रो केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि शहरी विकास और जनसुविधा का प्रतीक है। इसे निजी आयोजनों के लिए खोलना एक ऐसा कदम है, जो अल्पकालिक लाभ तो दे सकता है, लेकिन दीर्घकाल में जनता के विश्वास को कमजोर कर सकता है।
सरकार को चाहिए कि वह इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और मेट्रो को उसी उद्देश्य के लिए समर्पित रखे, जिसके लिए इसे बनाया गया है, जनता की सुविधा, न कि निजी आयोजन।
@रवि यादव


0 Comments