मंत्री श्री तोमर अचानक पहुँचे जेएएच अस्पताल...
झाड़ू लगाकर कचरा एकत्र किया और दिया स्वच्छता का संदेश
ग्वालियर l 01 दिसम्बर 2019 l प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को जेएएच अस्पताल परिसर में सफाई कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संदेश दिया गया।
खाद्य मंत्री श्री तोमर रविवार को अचानक जेएएच अस्पताल पहुँचे और अस्पताल में निरीक्षण के दौरान गंदगी देखकर खुद ने ही सफाई का कार्य प्रारंभ किया। इसके साथ ही जेएएच के अधिकारियों को अस्पताल में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जेएएच के अधीक्षक डॉ. अशोक मिश्रा से कहा है कि अस्पताल में बेहतर सफाई व्यवस्था रहना चाहिए। अस्पताल परिसर के सभी शौचालयों की नियमित सफाई हेतु सफाई कर्मी लगाए जाएं जो निरंतर सफाई का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में ही अगर गंदगी रहेगी तो मरीजों के स्वास्थ्य पर और विपरीत प्रभाव पड़ेगा। मंत्री तोमर ने कहा कि अस्पताल परिसर की सफाई के लिए निजी एजेन्सी भी नियुक्त हैं। कोई कारण नहीं बनता है कि अस्पताल में गंदगी रहे। सरकारी अस्पताल भी निजी अस्पताल की तरह साफ-सुथरा रहना चाहिए।
खाद्य मंत्री तोमर ने स्वच्छता अभियान के तहत अस्पताल में न केवल स्वयं झाड़ू लगाई बल्कि कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थल पर स्वयं उठाकर ले गए और स्वास्थ्य अमले को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा है कि स्वच्छता के कार्य में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
स्वच्छता के लिए जिम्मेदार व्यक्ति अगर कार्य नहीं करता है तो उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाना चाहिए। मंत्री श्री तोमर ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान अगर अस्पताल परिसर में गंदगी पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी।



0 Comments