राजेंद्र भारती की दतिया विधायकी रात में सचिवालय खुलवाकर शून्य करने की क्या जल्दी थी...
दोहरा मापदंड अपना रहे हैं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर : दिग्विजय सिंह
ग्वालियर। 17 मई | कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सदन चलाने में दोहरा मापदंड अपना रहे हैं. कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल जवाब में दिग्विजय सिंह ने कहा कि राजेंद्र भारती की दतिया विधायकी रात में विधानसभा सचिवालय खुलवाकर शून्य करने की क्या जरूरत थी ? सुबह आदेश दिया जा सकता था.इसी प्रकार बीना की कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे जो भाजपा के कार्यक्रमों में लगातार जा रही हैं , उनके खिलाफ दल बदल कानून के तहत विधानसभा अध्यक्ष ने अभी तक फैसला नहीं लिया है.ग्वालियर हलचल ने पूछा कि क्या कांग्रेस विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष के
दोहरे मापदंड पर अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहिए ? जैसा कि कांग्रेस ने व अन्य विपक्षी दलों ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था? दिग्विजय सिंह बोले - मैं अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में नहीं हूं. क्योंकि एक तो कांग्रेस के पास नंबर (विधायक) कम हैं, दूसरा हम नरेंद्र सिंह तोमर के विवेक पर ही छोड़ते हैं कि वह निष्पक्षता से सदन चलाएं. नंबर तो लोकसभा में भी कम थे, फिर भी विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया? सवाल पर कांग्रेस सांसद ने सिर्फ इतना कहा - वो ठीक है.
दिग्विजय सिंह ने धार भोजशाला में वाग्देवी मंदिर के पक्ष में और कमाल रोहा मस्जिद के खिलाफ आए इंदौर हाईकोर्ट के फैसले पर टिप्पणी की कि 2011 - 2013 की आर्कियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया की रिपोर्ट में वहां मंदिर के अवशेष नहीं पाए गए थे.
दिग्विजय सिंह से पूछा कि क्या आप धार भोजशाला के पक्ष में आए इंदौर हाईकोर्ट के फैसले से सहमत नहीं हैं ? दिग्विजय सिंह ने जवाब दिया- हाईकोर्ट के फैसले का अध्ययन करने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा.
उनसे पूछा गया कि अगले माह होने जा रहे राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर है ? उनका जवाब था - डर तो बना रहता है.हर राज्य में क्रॉस वोटिंग देखने को मिलती है.
पार्टी सांसद अशोक सिंह, विधायक सुरेश राजे, विधायक सतीश सिंह सिकरवार,पार्टी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव,ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे,पार्टी नेता भगवान सिंह यादव, सुनील शर्मा, रश्मि पवार शर्मा,वासुदेव शर्मा,लाखन सिंह यादव, इब्राहिम पठान प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे.


0 Comments