चंबल में रेत माफिया का आतंक...
रेत माफिया ने जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने वनकर्मियों पर किया हमला, दो जवान घायल !
श्योपुर। चंबल नदी से अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला किया गया। नेशनल हाईवे-552 पर जब्त की गई रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को आरोपियों ने जबरन छुड़ा लिया। वायरल वीडियो में वनकर्मियों का रास्ता रोकने और लकड़ी से हमला करने की घटना दिखाई दे रही है। हमले में दो वनरक्षक घायल हुए हैं।
मध्यप्रदेश: श्योपुर में चंबल नदी से अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर रेत माफिया ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें आरोपी वनकर्मियों का रास्ता रोकते और उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हमले में वन विभाग के दो जवान घायल हुए हैं। आरोपियों ने कार्रवाई के दौरान जब्त की गई रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जबरन छुड़ा ली।
नेशनल हाईवे-552 पर पकड़ा था रेत से भरा ट्रैक्टर
वन विभाग के मुताबिक, टीम चंबल नदी से अवैध रूप से रेत लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ने निकली थी। कोतवाली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-552 पर टीम ने रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। इसके बाद वनकर्मी जब्त वाहन को लेकर आगे बढ़ रहे थे।
इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वन विभाग की टीम को घेर लिया और जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के लिए हमला कर दिया। वायरल वीडियो में एक आरोपी ट्रैक्टर पर खड़ा होकर लकड़ी से वनकर्मियों पर हमला करता दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश के श्योपुर में रेत माफिया का आतंक! वन विभाग की टीम पर हमला कर दो वनरक्षकों को घायल किया, जब्त ट्रैक्टर छुड़ाकर सड़क पर रेत फैलाई।
सड़क पर रेत फैलाकर भागे आरोपी
वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि आरोपियों ने दूसरे ट्रैक्टर से वन विभाग की गाड़ी का रास्ता रोकने की कोशिश की। ट्रैक्टर को बार-बार वाहन के सामने लाकर टीम की कार्रवाई में बाधा डाली गई।जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने के बाद आरोपियों ने उसका हाइड्रोलिक सिस्टम उठाकर सड़क के बीचोंबीच रेत खाली कर दी। इससे रास्ते पर भी बाधा पैदा हो गई। हमले में दो वनरक्षक घायल हुए हैं।
कार्रवाई के दौरान अधिकारी भी थे मौजूद
घटना के समय वन विभाग की टीम के साथ श्योपुर के पुलिस अधीक्षक, एक रेंजर और विशेष सशस्त्र बल (SAF) के जवान भी मौजूद थे। इसके बावजूद आरोपियों ने कार्रवाई में बाधा डालते हुए वनकर्मियों पर हमला किया। इस घटना ने चंबल क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने की चुनौती को फिर सामने ला दिया है। कार्रवाई करने वाले सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।






0 Comments