TI के चैंबर में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल ...
थाने में फरियादी के साथ गाली-गलोच करना TI साहब को पड़ गया भारी, SP ने किया लाइन अटैच !
भिंड। मौ थाने में फरियादी से कथित गाली-गलौज करने वाले थाना प्रभारी रघुवीर मीणा पर SP सूरज वर्मा ने कार्रवाई की है। चैंबर में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया। उनकी जगह TI अनिल गुर्जर को मौ थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मध्यप्रदेश: भिंड जिले में थाने के अंदर फरियादी से अभद्र व्यवहार करना थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। मौ थाने के TI रघुवीर मीणा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें वे अपने चैंबर में शिकायत लेकर पहुंचे व्यक्ति से कथित तौर पर गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद भिंड पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने कार्रवाई करते हुए रघुवीर मीणा को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह पुलिस लाइन में पदस्थ TI अनिल गुर्जर को मौ थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विवाद का वीडियो दिखाने पहुंचा था फरियादी
मामला दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, विवाद की शिकायत लेकर एक व्यक्ति मौ थाने पहुंचा था। उसके पास घटना से संबंधित एक वीडियो भी था, जिसे वह थाना प्रभारी रघुवीर मीणा को दिखा रहा था।इसी दौरान थाना प्रभारी वीडियो के आधार पर फरियादी को ही उसकी गलती बताने लगे। बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस बढ़ गई। आरोप है कि थाना प्रभारी ने अपना आपा खो दिया और फरियादी को चैंबर में ही गालियां देने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
थाने के चैंबर में हुई इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। जिस थाने में आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर न्याय की उम्मीद से पहुंचता है, वहीं उसके साथ इस तरह का व्यवहार होने से पुलिस की जवाबदेही और कार्यशैली पर चर्चा शुरू हो गई।
SP ने किया लाइन अटैच, अनिल गुर्जर को मिली जिम्मेदारी
मामले का संज्ञान लेते हुए भिंड SP सूरज वर्मा ने TI रघुवीर मीणा को लाइन अटैच करने के आदेश दिए। इसके साथ ही पुलिस लाइन में पदस्थ TI अनिल गुर्जर को मौ थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।इस कार्रवाई के बाद थानों में शिकायतकर्ताओं के साथ पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर फिर सवाल उठे हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी में विभागीय जांच या आगे की कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।






0 Comments