सरकार के कामकाज की समीक्षा दिसंबर माह में दो चरणों में होगी...
मंत्रियों के प्रदर्शन के आधार पर तय हो सकता है उनका भविष्य !
भोपाल। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार में साल के अंत तक मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। इसके पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरकार के कामकाज की समीक्षा और मंत्रियों के प्रदर्शन का आकलन करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस पूरी प्रक्रिया में पहले अधिकारियों के कामकाज की परीक्षा होगी और उसके बाद मंत्रियों, विधायकों तथा सांसदों से सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का हिसाब लिया जाएगा।
सरकार ने इस समीक्षा के लिए दिसंबर में दो चरण निर्धारित किए हैं। पहले चरण में 2 दिसंबर को भोपाल में नीति चिंतन शिविर आयोजित होगा। इसमें मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष और सभी जिलों के कलेक्टर शामिल होंगे। शिविर में विभागवार योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री मंत्रियों के साथ बैठक कर विभागों की उपलब्धियों और आने वाले दो वर्षों की कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे। प्रत्येक मंत्री को अपने विभाग के कामकाज का ब्यौरा देने के साथ यह भी बताना होगा कि सरकार के शेष कार्यकाल में किन प्राथमिकताओं पर काम किया जाएगा।
21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों-विधायकों के साथ चिंतन शिविर
समीक्षा के दूसरे चरण में 21 और 22 दिसंबर को दो दिवसीय चिंतन शिविर प्रस्तावित है। इसमें मंत्री, विधायक और सांसद शामिल होंगे। इस दौरान सरकार के अब तक के कामकाज, विभागीय उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी।
पहले चरण के शिविर में समृद्ध मध्यप्रदेश-2047 के दस्तावेज पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए आठ विषयों पर संबंधित नोडल विभाग प्रस्तुतिकरण देंगे। दूसरे सत्र में सतत विकास लक्ष्यों और अन्य विकास संकेतकों की समीक्षा की जाएगी। इसमें भी आठ मॉड्यूल के माध्यम से विभागीय अधिकारी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
मंत्रियों के प्रदर्शन पर रहेगी मुख्यमंत्री की नजर
सरकार की इस कवायद को मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। विभागों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और मंत्रियों की कार्यक्षमता को समीक्षा का प्रमुख आधार माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अधिकारियों से मिलने वाली रिपोर्ट और मंत्रियों के प्रस्तुतिकरण के आधार पर आगे की रणनीति तैयार कर सकते हैं।
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, जिन मंत्रियों का प्रदर्शन तय अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं पाया जाएगा, उनके विभाग बदले जा सकते हैं या उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर करने पर विचार हो सकता है। वहीं, कुछ राज्यमंत्रियों को कैबिनेट स्तर पर पदोन्नति मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
हालांकि, मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में दिसंबर में होने वाली समीक्षा बैठकों के बाद ही सरकार की आगे की रणनीति और संभावित फेरबदल की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।






0 Comments