2047 का मास्टर प्लान तैयार...
आगामी 20 सालों में बदल जाएगा यूपी, बुलेट ट्रेन-नमो भारत में बनेंगी 10 वर्ल्ड क्लास सिटी !
उत्तर प्रदेश ने 2047 तक विकसित भारत की तर्ज पर यूपी का अर्बन मास्टर प्लान 2047 तैयार किया है. इसके तहत राज्य में बुलेट ट्रेन, नमो भारत रैपिड रेल, मेट्रो के अलावा एक्सप्रेसवे और हाईवे का नेटवर्क तैयार करना है. शहरीकरण को दोगुना करने का लक्ष्य है.
लखनऊ। बदलता भारत और उभरता यूपी, एक ओर दिल्ली एनसीआर उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद जैसे शहरों को जोड़ते हुए आवासीय, ट्रांसपोर्ट और मैन्युफैक्चरिंग का सबसे बड़ा हब बन रहा है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश ने 2047 तक का मास्टर प्लान तैयार कर दूसरे शहरों में विकास की रफ्तार तेज करने का फैसला किया है . इसमें लखनऊ जैसे यूपी के तीन बड़े शहरों को वर्ल्ड की टॉप 100 सिटी में लाने के साथ बुलेट ट्रेन, नमो भारत का नेटवर्क विस्तार करने और दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर लखनऊ स्टेट कैपिटल रीजन को विकसित करना शामिल है. अगले 20 सालों में यूपी को 6 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के साथ विकसित यूपी @2047 का मिशन तैयार किया गया है.इसमें लखनऊ को मॉडल मेट्रोपॉलिटन सिटी के तौर पर विकसित किया जाएगा.
यूपी का अर्बन मास्टर प्लान
- यूपी में शहरी आबादी अभी 25 से बढ़ाकर 2047 तक 60 फीसदी करने का लक्ष्य
- 10 बड़े शहरों को ग्लोबल मेट्रो सिटी बनाया जाएगा
- यूपी के 3 शहर दुनिया के टॉप-100 शहरों में शामिल होंगे
- स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के तहत लखनऊ के आसपास जिलों का विकास
- दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन और लखनऊ-अयोध्या बुलेट ट्रेन लिंक रूट
- वेस्ट यूपी के हर छोटे-बड़े शहर को नमो भारत रैपिड रेल से जोड़ना
- सभी 75 जिलों में कम से कम एक शहरी विकास प्राधिकरण का गठन होगा
- दुनिया के टॉप शहरों से मुकाबला करेंगे यूपी के ये 10 शहर
यूपी के 10 बड़े शहरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्लोबल मेट्रो स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा. इसमें लखनऊ, कानपुर, नोएडा, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद, मेरठ, गोरखपुर और बरेली शामिल है. इनमें से तीन शहरों को दुनिया के टॉप 100 शहरों की फेहरिस्त में लाने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा.
SCR से लखनऊ बनेगा मॉडल मेट्रोपॉलिटन सिटी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ इस मास्टर प्लान का अहम हिस्सा होगी. जैसे दिल्ली के आसपास एनसीआर बना, वैसे ही लखनऊ के आसपास हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव और रायबरेली जिलों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) का विकास हो रहा है, ताकि लखनऊ का बोझ कम हो. इन जिलों में नई टाउनशिप, एक्सप्रेसवे-हाईवे के साथ मेट्रो जैसी मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी दी जाएगी. ताकि कामकाज, पढ़ाई-लिखाई या कारोबार के लिए लखनऊ में बसने की बजाय अपने शहर से ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी हो.
दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर
दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन रूट का दिल्ली-वाराणसी पहला चरण होगा. इसमें नोएडा, मथुरा, आगरा, कन्नौज, फिरोजाबाद, इटावा, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज जैसे जिले भी कनेक्ट होंगे. लखनऊ से अयोध्या तक लिंक रूट भी बनेगा. इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से इन जिलों में घंटे-दो घंटे के भीतर आवाजाही होगी.
नमो भारत नेटवर्क बढ़ेगा
उत्तर प्रदेश में नमो भारत का सबसे बड़ा नेटवर्क भी बन रहा है. दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का मुजफ्फरनगर के रास्ते हरिद्वार तक विस्तार हो रहा है. गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत कॉरिडोर,गाजियाबाद-खुर्जा, गाजियाबाद-हापुड़, गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अलावा दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत रैपिड रेल रूट शामिल हैं.






0 Comments