G News 24 : विमान में से नकाबपोश अधिकारी मां के सामने बेटी को उठा ले गए,उनके इस व्यवहार पर उठ रहे सवाल!

  मां के सामने बेटी को हिरासत में लेने की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया ...

विमान में से नकाबपोश अधिकारी मां के सामने बेटी को उठा ले गए,उनके इस व्यवहार पर उठ रहे सवाल!

वाशिंगटन। अमेरिका के सिएटल हवाई अड्डे पर विमान में सवार हो रहे यात्रियों के बीच अचानक नकाबपोश अधिकारी पहुंच गए। मां के सामने बेटी को हिरासत में लेने की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया और उड़ान में देरी हुई। आखिर अधिकारियों ने ऐसा क्यों किया और इस घटना पर गवर्नर से लेकर एयरलाइन तक भड़क उठे लोग !

अमेरिका के सिएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को आव्रजन (इमिग्रेशन) अधिकारियों ने दो यात्रियों को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। उन्होंने यात्रियों के विमान में सवार होने के दौरान यह कार्रवाई की। इससे वहां अफरातफरी मच गई। इस कारण लॉस एंजिलिस जाने वाली उड़ान में देरी हुई। एयरलाइन अधिकारियों और स्थानीय नेताओं ने भी इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई।

यह घटना उस समय हुई, जब यात्री अलास्का एयरलाइंस की उड़ान संख्या 1306 में सवार हो रहे थे। इस विमान को सुबह 8:10 बजे रवाना होना था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अधिकारी जमीन पर गिरे एक व्यक्ति को काबू करने की कोशिश करते दिखे। इस दौरान आसपास यात्री अपना सामान लेकर खड़े थे। एक महिला चिल्ला रही थी कि अधिकारी उसकी बेटी को ले जा रहे हैं। उसने यह भी कहा कि उसकी बेटी के पास काम करने का परमिट है।

एयरलाइन ने इस घटना को यात्रियों और कर्मचारियों के लिए परेशान करने वाला बताया। उसने कहा कि अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी के अधिकारियों ने इस कार्रवाई से पहले एयरलाइन को कोई जानकारी नहीं दी थी।

अमेरिकी एजेंसी ने क्या वजह बताई?

अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी ने एक्स पर एक बयान जारी किया। उसने बताया कि उसके अधिकारियों ने 21 नवंबर को सुबह करीब 8:05 बजे (स्थानीय समय)  एक विशेष अभियान चलाया था। इस अभियान का मकसद रिकार्डो लारोंदो मेंडोजा को गिरफ्तार करना था। वह मेक्सिको का नागरिक है। एजेंसी के मुताबिक, वह अपने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रह रहा था।

एजेंसी ने अपने बयान में कहा, 21 नवंबर, 2026 को सुबह करीब 8:05 बजे, एजेंसी के अधिकारियों ने रिकार्डो लारोंदो मेंडोजा को हिरासत में लेने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। वह मेक्सिको का एक अवैध प्रवासी है, जिसने हमारे देश के कानूनों का उल्लंघन करते हुए अपने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी यहां रहना जारी रखा। 

 एजेंसी ने बताया कि इस दौरान एक अन्य यात्री सोफिया हर्नांडेज मेजिया को भी हिरासत में लिया गया। आरोप है कि उसने हंगामे के दौरान अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंकी थी। एजेंसी के मुताबिक, सोफिया मेक्सिको की नागरिक है। वह भी अपने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद अमेरिका में रह रही थी। उस पर एक संघीय अधिकारी पर हमला करने का आरोप लगाया जा सकता है।

अलास्का एयरलाइंस ने कार्रवाई पर क्या कहा?

अलास्का एयरलाइंस ने इस कार्रवाई पर चिंता जताई। उसने कहा कि विमान में यात्रियों के सवार होने के दौरान यह कार्रवाई की गई। इससे पहले एयरलाइन को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी।एयरलाइन ने एक बयान में कहा, 'अलास्का की उड़ान संख्या 1306 में यात्रियों के सवार होने के दौरान आज सुबह हुई कानून लागू करने वाली एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर हम चिंतित हैं'। एयरलाइन ने आगे कहा, 'हम इस बात को समझते हैं कि इस घटना से प्रभावित कर्मचारियों और यात्रियों को कितनी परेशानी हुई है'। उसने दोहराया कि वह यात्रियों के साथ सम्मान और गरिमा से पेश आने के लिए प्रतिबद्ध है।

एयरलाइन ने बताया कि वह सिएटल बंदरगाह प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। यही प्रशासन सिएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करता है। दोनों यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस कार्रवाई में तय नियमों का पालन किया गया था। एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसने सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी चिंता रखी है। जानकारी के मुताबिक, इस घटना के बाद विमान की उड़ान में देरी हुई।

वाशिंगटन के गवर्नर ने क्या कहा?

वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने अधिकारियों की कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने एजेंसी के तरीकों को 'अमेरिका के मूल्यों के पूरी तरह खिलाफ' बताया। साथ ही, उन्होंने इस एजेंसी को खत्म करने की भी मांग की।श्रमिक संगठनों के नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फर्ग्यूसन ने कहा, 'वीडियो खौफनाक है और इसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं'।

उन्होंने आगे कहा, 'हमें ऐसी आव्रजन व्यवस्था और सीमा सुरक्षा की जरूरत है, जो प्रभावी, नैतिक और मानवीय हो। लेकिन यह एजेंसी ऐसी नहीं है। इसमें सुधार की कोई गुंजाइश नहीं बची है'। फर्ग्यूसन ने यह भी कहा कि वह इस बात की जांच कर रहे हैं कि संघीय अधिकारियों को विमान में चढ़ने वाले रास्ते तक पहुंच कैसे मिली।

उन्होंने आशंका जताई कि अधिकारियों ने मार्च में उनके हस्ताक्षर से बने एक राज्य कानून का उल्लंघन किया हो सकता है। यह कानून कानून लागू करने वाले अधिकारियों के चेहरे ढकने पर रोक लगाता है। सिएटल बंदरगाह प्रशासन ने कहा कि यह घटना प्रभावित परिवार के साथ-साथ दूसरे यात्रियों के लिए भी परेशान करने वाली थी। उसने बताया कि स्थानीय अधिकारी संघीय अधिकारियों से बात करेंगे। वे यह समझने की कोशिश करेंगे कि आखिर वहां क्या हुआ था।

श्रमिक संगठनों ने क्यों जताई नाराजगी?

वाशिंगटन राज्य श्रमिक परिषद (सिम्स) की अध्यक्ष एप्रिल सिम्स ने भी इस कार्रवाई की आलोचना की। यह संगठन छह लाख से ज्यादा कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने बताया कि संगठन के सदस्य भी इस विमान में सवार थे।सिम्स ने कहा कि साल के सबसे व्यस्त समय में इस कार्रवाई से यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। उन्होंने यह भी कहा कि इसी सप्ताह की शुरुआत में संचार व्यवस्था में आई गड़बड़ी के कारण देशभर में उड़ानें प्रभावित हुई थीं।



Reactions

Post a Comment

0 Comments