G News 24 : छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने अपनी ही 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला !

महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है...

 छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने अपनी ही 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला !

समस्तीपुर। छट का व्रत मुख्य रूप से माताएं अपने बच्चों के लिए रखती है. बच्चों की लंबी उम्र, अच्छा स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है. माताएं छठ पूजा में सूर्य देव के साथ छठी मैया की उपासना करती है, जिन्हें बच्चों की रक्षा और कल्याण करने वाली देवी माना जाता है. लेकिन बिहार के समस्तीपुर में मां ने इस पावन पर्व पर अपनी ही बेटी को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई. ऐसे में यह घटना सबको हैरान कर कर गई. 

छठ महापर्व के बीच बिहार से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया. छठ पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने से नाराज मां ने अपनी ही 4 साल की मासूम बेटी की पिटाई कर दी, पिटाई के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. यह घटना बिहार के समस्तीपुर जिले की बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है. मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड-12 में रहने वाले राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मां का नाम रीना कुमारी बताया जा रहा है. 

समस्तीपुर पुलिस ने लिया एक्शन 

बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा के लिए परिवार के सभी लोग घाट के पास गए थे. इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी, इसी बीच छोटी बेटी सुहानी ने पकवान को हाथ लगा दिया, जिसे प्रसाद जूठा होना माना गया. इससे नाराज होकर रीना ने बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी तबियत बुरी तरह से बिगड़ गई. बच्ची को सुस्त और बेहोश जैसी हालत में देखकर रीना ही उसे इलाज के लिए पास के निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मौत पिटाई से लगी चोट के कारण हुई या किसी अन्य वजह से. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा.

पिता का रो-रोकर बुरा हाल

बेटी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्होंने कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही दुनिया में नहीं रही. घटना के लिए जिम्मेदार पत्नी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है. पिता ने कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की कोई जरूरत नहीं है, वह अपने बच्चों को अकेले ही पाल लेंगे. राजू पासवान के तीन बच्चे हैं, इनमें सात साल क बेटी शिवानी कुमारी, 4 साल की सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं. सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. छठ पूजा का महापर्व परिवार में मातम की वजह बन गया.

Reactions

Post a Comment

0 Comments