G News 24 : जिला मंत्री से लेकर प्रदेश महामंत्री और अब राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक तक पहुंचे महेंद्र सिंह यादव

 1990 में किसान संघ से शुरू हुआ राजनीतिक सफर...

जिला मंत्री से लेकर प्रदेश महामंत्री और अब राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक तक पहुंचे महेंद्र सिंह यादव

ग्वालियर।  ग्वालियर ग्रामीण से मुरार क्षेत्र के मोहनपुर गांव से निकलकर सहकारिता के शीर्ष तक पहुंचने का करिश्मा करने वाले महेंद्र सिंह यादव का सफर, अब  किसान राजनीति से अपेक्स बैंक तक की अहम जिम्मेदारी निभाते हुए नई ईबारत लिख रहे हैं।राजनीति में कुछ लोग चुनाव जीतकर अपनी पहचान बनाते हैं, तो कुछ लोग संगठन, सामाजिक सरोकारों और निरंतर सक्रियता के बल पर अपनी अलग जगह बनाते हैं। ग्वालियर जिले के मोहना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर (मुरार) निवासी महेंद्र सिंह यादव की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा इसी दूसरी श्रेणी का उदाहरण है। किसान हितों से जुड़कर शुरू हुआ उनका सफर आज मध्यप्रदेश के सहकारिता क्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंच गया है।

महेंद्र सिंह यादव, मोहना निवासी बाबूसिंह यादव के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1990 में भारतीय किसान संघ के बैनर तले की। किसान हितों के लिए संघर्ष करते हुए उन्होंने संगठन में जिला मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने लगातार आवाज उठाई और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। समय के साथ उनके अनुभव और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें संगठन में आगे बढ़ने के अवसर मिले।

किसान संघ में जिला मंत्री से लेकर प्रदेश महामंत्री तक का सफर उनकी संगठनात्मक सक्रियता का प्रमाण बना। महेंद्र सिंह यादव की पहचान केवल किसान राजनीति तक सीमित नहीं रही। वर्ष 2004 में वे बीज विकास निगम के अध्यक्ष पद पर भी रहे। वहीं वर्ष 2006 से नंदलाल बाल कल्याण समिति के माध्यम से भगवान बलराम जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। इस आयोजन को उन्होंने धीरे-धीरे व्यापक स्वरूप प्रदान किया। आज यह आयोजन उनके सामाजिक और किसान सरोकारों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

बलराम जयंती को किसान दिवस के रूप में दिलाई नई पहचान

वर्ष 2006 से शुरू हुई इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 2 सितंबर 2026 को ग्वालियर के मेला मैदान में प्रदेश स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम ने किसान संगठनों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े उनके प्रयासों को नई पहचान दी। इस आयोजन के माध्यम से भगवान बलराम जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा को और व्यापक बनाने का प्रयास किया गया।

सहकारिता के क्षेत्र में बड़ी जिम्मेदारी

महेंद्र सिंह यादव के राजनीतिक और सामाजिक सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव 25 अप्रैल 2026 को आया, जब सहकारिता विभाग के आदेश के बाद उन्हें मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) का प्रशासक नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्होंने बैंक मुख्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया।

यह जिम्मेदारी उनके लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण रही, क्योंकि लंबे समय से बैंक का संचालन प्रशासकीय व्यवस्था के तहत हो रहा था। प्रशासक के रूप में उन्हें प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था में अपनी कार्यक्षमता और अनुभव का उपयोग करने का अवसर मिला।

अपेक्स बैंक की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने केवल मुख्यालय तक अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि ग्वालियर-चंबल संभाग के सहकारी बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर ऋण वितरण, ऋण वसूली, सदस्यता अभियान और खाद वितरण की समीक्षा भी की। उनका उद्देश्य किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा है।

संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक संबंध बने ताकत

महेंद्र सिंह यादव की राजनीतिक यात्रा में भाजपा संगठन के साथ उनकी सक्रियता भी महत्वपूर्ण रही है। ग्रामीण अंचल से निकलकर किसान राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में अपनी जगह बनाने वाले यादव के राजनीतिक संबंध भी लंबे समय से मजबूत रहे हैं। प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनके पुराने संबंध सार्वजनिक मंचों पर भी दिखाई देते रहे हैं।

एक कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और विधायक भगवानदास सबनानी ने भी महेंद्र यादव के साथ उनके करीब तीन दशक पुराने राजनीतिक सफर का उल्लेख किया था। यह उनके लंबे राजनीतिक संपर्कों और संगठनात्मक सक्रियता को दर्शाता है।

चुनावी राजनीति में भी उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई और विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे। हालांकि उनकी पहचान केवल चुनावी परिणामों से नहीं, बल्कि संगठन और सामाजिक गतिविधियों में निरंतर भागीदारी से भी बनी है।

किसान हितों से सहकारिता तक का सफर

महेंद्र सिंह यादव की अब तक की यात्रा को देखें तो इसमें किसान हितों के लिए संघर्ष, संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक आयोजनों के विस्तार और सहकारिता क्षेत्र में प्रशासनिक जिम्मेदारी का समावेश दिखाई देता है। किसान परिवार और ग्रामीण परिवेश से जुड़कर सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़े यादव के सामने अब प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की चुनौती और अवसर दोनों हैं।

सहकारिता का वास्तविक उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करना, उन्हें समय पर ऋण उपलब्ध कराना और कृषि संबंधी जरूरतों के लिए संस्थागत सहयोग सुनिश्चित करना है। ऐसे में अपेक्स बैंक के प्रशासक के रूप में महेंद्र सिंह यादव की भूमिका पर सहकारिता क्षेत्र और किसान संगठनों की निगाहें रहेंगी।

NAFSCOB के संचालक मंडल में  निर्विरोध चयन होना,यानि कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व...

NAFSCOB देश के राज्य सहकारी बैंकों का प्रमुख राष्ट्रीय संगठन में महेंद्र सिंह यादव का संचालक मंडल में निर्विरोध निर्वाचन मध्यप्रदेश के सहकारिता क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर सहकारी बैंकिंग से जुड़े नीतिगत विषयों, संस्थागत समन्वय और विकास संबंधी गतिविधियों में अपनी भागीदारी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

उनके निर्वाचन से प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, किसानों तक बेहतर बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता आधारित आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

निर्वाचन की घोषणा ठाणे के कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी डॉ. श्रीकांत पांचाल ने की। निर्वाचन प्रक्रिया में हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन भरत भूषण जुयाल फेडरेशन के अध्यक्ष तथा गुजरात स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन अजयभाई एच. पटेल उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।

NAFSCOB सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने, विभिन्न राज्यों के सहकारी बैंकों के बीच समन्वय स्थापित करने और किसानों व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


Reactions

Post a Comment

0 Comments