G News 24 : कांग्रेस ने सांसदों को भेजा अलर्ट,आने वाले 10 दिनों में 'दिल्ली आने को तैयार रहें' !

 संसद के विशेष सत्र की आहट...

कांग्रेस ने सांसदों को भेजा अलर्ट,आने वाले 10 दिनों में  'दिल्ली आने को तैयार रहें' !

आने वाले 10 दिनों के लिए कांग्रेस ने सभी सांसदों को अलर्ट किया है. पार्टी ने दिल्ली आने को तैयार रहने के लिए कहा है. कांग्रेस को लगता है कि संसद का विषेश सत्र बुलाया जा सकता है.

कांग्रेस ने सभी सांसदों को पत्र लिख कर कहा है कि वो आने वाले 10 दिनों के लिए अलर्ट रहें. दिल्ली आने को तैयार रहें और उसी मुताबिक प्लानिंग करें. दरअसल, कांग्रेस को लगता है कि संसद का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है.

हालांकि विशेष सत्र को लेकर सरकार की तरफ से तस्वीर साफ नहीं की गई है. शीतकालीन सत्र भी सरकार बुला सकती है. 16 नवंबर को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि बीजेपी सरकार संसद का मजाक बना रही है.उन्होंने कहा, ''शीतकालीन सत्र 20 नवंबर तक शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब वे एक विशेष सत्र की बात कर रहे हैं. इसमें बिल्कुल भी पारदर्शिता नहीं है.''

परिसीमन बिल पास कराने की तैयारी

पिछले दिनों न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि सरकार विशेष सत्र बुलाने पर विचार कर रही है और इस दौरान परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पास कराने की प्लानिंग है. विधेयकों का उद्देश्य परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीट संख्या को बढ़ाकर अधिकतम 850 करना है. इससे 2029 के आम चुनावों से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा.

इस विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता है, यानी 543 सदस्यों वाले मौजूदा सदन में 361 वोटों की जरूरत होगी. तीन सीटें खाली होने के कारण, अभी सदन में 540 सदस्य हैं. NDA के पास 320 सदस्य हैं.

बता दें कि अब तक सरकार ने मानसून सत्र को औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया है. मानसून सत्र को 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था. सत्रावसान नहीं होने की स्थिति में कम समय के नोटिस पर एक विस्तारित या विशेष बैठक बुलाया जा सकता है.

मौजूदा सत्र की बैठक को बढ़ाने के लिए कम से कम दो दिन का नोटिस देना जरूरी होता है, जबकि एक नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन का नोटिस देना जरूरी है.

Reactions

Post a Comment

0 Comments