आयुष्मान योजना से निजी अस्पतालों का हुआ मोहभंग...
निजी अस्पतालों द्वारा 8अक्टूबर से आयुष्मान के प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बहिष्कार का ऐलान !
ग्वालियर। आयुष्मान भारत योजना के तहत महीनों से अटके भुगतान, मनमानी कटौती और क्लेम रिजेक्शन से परेशान प्रदेश के निजी अस्पतालों ने सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) मध्यप्रदेश, मप्र नर्सिंग होम एसोसिएशन और यूनाइटेड प्राइवेट हॉस्पिटल डायरेक्टर्स एसोसिएशन ने 8 अक्टूबर से आयुष्मान योजना के प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बहिष्कार का ऐलान किया है।आईएमए मप्र अध्यक्ष डॉ. बी.एम. शरणागत के द्वारा की गई यह घोषणा के बाद सभी संगठन ने अपनी सहमति जताई है।
इस संबंध में मंगलवार को ग्वालियर में आईएमए के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता में कहा कि निजी अस्पताल लंबे समय से संवाद, ज्ञापन और सांकेतिक विरोध कर रहे हैं, लेकिन शासन ने तकनीकी विसंगतियों और लंबित भुगतान की गंभीर समस्याओं का कोई ठोस हल नहीं निकाला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 8 अक्टूबर तक संतोषजनक समाधान नहीं निकला तो बहिष्कार शुरू होगा और इसके बाद आईएमए के बैनर तले प्रदेशभर के अस्पताल संचालक करीब 1000 एम्बुलेंस के साथ दिल्ली कूच कर प्रधानमंत्री कार्यालय तक अपनी मांगें पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन योजना को बंद कराने के लिए नहीं, बल्कि उसे व्यावहारिक, पारदर्शी और टिकाऊ बनाने के लिए है, ताकि अस्पताल बचे रहें और गरीब मरीज को निर्बाध इलाज मिलता रहे। प्रेसवार्ता में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक मिश्रा, डॉ. ए.एस. भल्ला, डॉ. ओ.एन. कौल, नर्सिंग एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश रायजादा, डॉ. राहुल सपरा, अध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. सुनील अग्रवाल, डॉ. अनुराग चौहान, ग्वालियर अध्यक्ष डॉ. अंशुमान सोमानी, सचिव डॉ. विनीत चतुर्वेदी व डॉ. रजनीश निखरा आदि मौजूद रहे।




0 Comments