G NEWS 24 : निगमायुक्त श्री चौधरी ने कमांड सेंटर एवं निगम वर्कशॉप का किया औचक निरीक्षण

नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश...

निगमायुक्त श्री चौधरी ने कमांड सेंटर एवं निगम वर्कशॉप का किया औचक निरीक्षण

ग्वालियर। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने सोमवार को स्मार्ट सिटी के कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर एवं एजी ऑफिस पुल के नीचे स्थित नगर निगम वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, वाहनों की जीपीएस मॉनिटरिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जा रही चालानी कार्रवाई तथा निगम के वाहनों के संधारण की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निगमायुक्त चौधरी ने सर्वप्रथम स्मार्ट सिटी के कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की जीपीएस के माध्यम से की जा रही मॉनिटरिंग की प्रक्रिया को समझा तथा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कमांड सेंटर के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर की जा रही चालानी कार्रवाई की जानकारी ली तथा चालानों के माध्यम से प्राप्त राजस्व की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निगम कोष में राजस्व की प्राप्ति एवं उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। 

इसके पश्चात निगमायुक्त ने एजी ऑफिस पुल के नीचे स्थित निगम डिपो एवं वर्कशॉप का निरीक्षण किया। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के रखरखाव एवं संधारण की स्थिति की जानकारी ली। निगमायुक्त ने कचरा संग्रहण व्यवस्था के लिए क्रय किए गए हैंडकार्ट की उपलब्धता की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र सक्सेना, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments