सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही तलाश...
बेकाबू कार ने भारतसिंह कुशवाह को कुचला,कई वाहनों को मारी टक्कर !
ग्वालियर। सिटी सेंटर स्थित एसपी ऑफिस के सामने मंगलवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। कार चालक ने नियंत्रण खोते हुए ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिल सहित कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि यात्रियों से भरा ऑटो सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में भारतसिंह कुशवाह सहित तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना विश्व विद्यालय थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर एसपी ऑफिस के ठीक सामने हुई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार ऑटो को टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है।
टक्कर लगने के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट जाता है। कार की चपेट में आने से आसपास खड़े और गुजर रहे कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस के मुताबिक एसपी ऑफिस के सामने कार की टक्कर से ऑटो पलटने और कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है। हादसे में तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिया है और फुटेज के आधार पर कार की पहचान करने के साथ ही उसके नंबर के जरिए चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि कार चालक की तलाश जारी है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही चालक को गिरफ्तार किए जाने की बात कही है।




0 Comments