G News 24 : ‘मेरे सपनों का भारत’ के रंगों को साकार कर,दीपिका ने जीता जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार !

  प्रतिभा संसाधन की मोहताज नहीं होती, यह बात एक बार फिर सच साबित कर दिखाई...

‘मेरे सपनों का भारत’ के रंगों को साकार कर,दीपिका ने जीता जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार !

ग्वालियर। प्रतिभा संसाधन की मोहताज नहीं होती, यह बात एक बार फिर सच साबित कर दिखाई है भितरवार की होनहार छात्रा दीपिका जाटव ने। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिक्षानगर, ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, भितरवार में निवासरत कक्षा 10वीं की छात्रा कु. दीपिका जाटव ने सेवा-संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी अद्भुत कल्पना को कैनवास पर उतारते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

दीपिका द्वारा बनाई गई पेंटिंग में विकसित, स्वच्छ, आत्मनिर्भर और एकता के सूत्र में बंधे भारत की परिकल्पना को निर्णायकों ने खूब सराहा। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दीपिका की इस उपलब्धि पर छात्रावास अधीक्षक श्रीमती रश्मि तोमर ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि - "छात्रावास में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनकी रचनात्मक और प्रतिभात्मक क्षमताओं को निखारने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। दीपिका की यह सफलता अन्य सभी छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"

छात्रा की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर छात्रावास के समस्त स्टाफ और छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।दीपिका की यह सफलता बताती है कि यदि इरादे मजबूत हों तो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखे और जीते जा सकते हैं। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments