पंखे से लटका हुआ मिला शव...
दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता ने की आत्महत्या !
दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता (74) ने नोएडा स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. अधिकारियों ने बताया कि उनका का शव 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर 82 स्थित उनके आवास पर छत के पंखे से लटका हुआ मिला था. राकेश मेहता दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान करीब तीन साल तक मुख्य सचिव रहे थे. अधिकारियों के अनुसार नोएडा पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें उन्होंने इस कदम के पीछे अपने 'मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों' को कारण बताया है.
पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान राकेश मेहता तीन साल से अधिक समय तक दिल्ली के मुख्य सचिव रहे. वह 1975 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IPS) के अधिकारी थे. उनके कार्यकाल में 2010 में दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया गया था. इसके अलावा, दिल्ली में बिजली के निजीकरण, ब्लूलाइन बसों को हटाकर लो-फ्लोर बसें चलाने, परिवहन और नागरिक बुनियादी ढांचे के सुधारों में उनकी अहम भूमिका रही.
रिपोर्ट के मुताबिक उनके पूर्व सहयोगियों ने कहा कि उन्होंने दिल्ली सरकार में अलग-अलग पदों पर कार्य किया और वह दिल्ली नगर निगम (MCD) के कमिश्नर भी रहे थे. उन्होंने 2007 में चीफ सेक्रेटरी का पद संभाला और नवंबर 2010 में रिटायर हुए. लोधी रोड श्मशान घाट पर सोमवार (7 सितंबर 2026) को उनका अंतिम संस्कार किया गया. पुलिस को इस घटना की खबर डायल-112 के जरिए मिली थी, जिसके तुरंत बाद फेस-2 थाने की टीम मौके पर पहुंच गई.
राकेश मेहता के फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई. इसके बाद घर के अंदर से उनका शव बरामद किया गया. घटना के समय पूर्व चीफ सेक्रेटरी की पत्नी सुमंती मेहता अपने बेटे से मिलने देहरादून गई हुई थीं. पुलिस अब मौत की वजहों की जांच कर रही है. साथ ही घर से मिले नोट और अन्य सबूतों की भी छानबीन की जा रही है. सुमंती मेहता के बार-बार फोन करने पर रिसीव नहीं किया गया तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ और पुलिस को इस खबर की गई.




0 Comments