शहरवासियों को किया सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक...
सोलर फेयर-2026 का MPCCI अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने किया उद्घाटन
ग्वालियर। दो दिवसीय ‘सोलर फेयर-2026’ का शुभारंभ शनिवार को MPCCI अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर संयुक्त अध्यक्ष सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव दीपक पमनानी और कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित सोलर विक्रेता एवं व्यवसायी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि जब मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने पहला सोलर फेयर आयोजित किया था, तब ग्वालियर की छतों पर सोलर पैनल नजर नहीं आते थे। उस समय उद्देश्य शहरवासियों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना था।
अब चौथे सोलर फेयर तक शहर में सोलर के प्रति जागरूकता बढ़ी है, लेकिन मीटर लगाने में देरी और सोलर उत्पादन कम होने जैसी नई समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक उपभोक्ता ने शिकायत की कि सोलर लगवाने के बाद उसका बिजली बिल बढ़ गया। डॉ. अग्रवाल ने सोलर विक्रेताओं से अपील की कि वे उपभोक्ता के यहां सोलर सिस्टम लगाने के बाद कम से कम छह महीने तक उसकी मॉनीटरिंग करें और किसी भी समस्या का जल्द समाधान करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की बेहतर सेवा से विक्रेताओं को भी भविष्य में अधिक ग्राहक मिलेंगे।
डॉ. अग्रवाल ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों से भी सोलर मीटर से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और मीटर लगाने में अनावश्यक देरी न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोलर से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाकर ही हर घर सोलर लगाने के लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने किया। उन्होंने लगातार चौथे सोलर फेयर के आयोजन में शामिल सोलर विक्रेताओं और व्यवसायियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने बताया कि सोलर फेयर का आयोजन रविवार 13 सितंबर को भी जारी रहेगा।




0 Comments