कई जगह पर लो प्रेशर एरिया की वजह से...
देशभर में बदला मौसम का मिजाज, 12 राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी !
दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. कई राज्यों में मॉनसून एक्टिव है, तो कई जगह पर लो प्रेशर एरिया की वजह से झमाझम बारिश हो रही है. दिल्ली, पंजाब, राजस्थान से लेकर यूपी, बिहार और बंगाल तक भारी बारिश जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 5 सितंबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश का अलर्ट है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
- दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया है. कल भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है. कल दिनभर बादल छाये रहेंगेय सुबह से लेकर दोपहर के पहले तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है. आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की भी आशंका है. अधिकतम तापमान 29°C से 31°C और न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रहने की उम्मीद है.
- राजस्थान में भी मौसम बदला हुआ है. कई इलाकों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई है. इस बीच मौसम विभाग ने कल भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD ने बताया कि कल दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है. फिलहाल में एक लो प्रेशर एरिया का क्षेत्र उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है. कल भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभागों और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. कोटा संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है.
- उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी कल बारिश की संभावना जताई है. IMD के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल काफी व्यापक बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम लगभग शुष्क रहेगा और केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की उम्मीद है.
- बिहार में भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहेगा. कल भी बिहार में काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश भी हो सकती है.
- पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी कल मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय रहेगा. यहां काफी ज्यादा से लेकर व्यापक बारिश का अनुमान है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बारिश के अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट रहने को कहा है.
- उत्तराखंड में कल काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ आंधी-तूफ़ान और बिजली गिरने की भी चेतावनी है. मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.
- हिमाचल प्रदेश में भी कल काफी व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है. बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. हिमाचल में बारिश के कारण कुल 102 सड़कें बंद हो गई हैं. इस बीच शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट -
- बहुत भारी बारिश: पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश
- मध्यम बारिश वाले राज्य: दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, गोवा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम




0 Comments