आरोपी इसके पूर्व उप्र सीएम योगी को भी दे चुका है धमकी...
'112, पर मुख्यमंत्री मोहन यादव को मारने की धमकी देने वाला मुंबई से गिरफ़्तार !
भोपाल। डायल-112 पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुंबई से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का इरादा मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने का नहीं, बल्कि अपने पिता को फंसाने और गिरफ्तार करवाने का था। हालांकि पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को डायल-112 वॉट्सऐप नंबर के ज़रिए जान से मारने की धमकी दी गई थी।
यह धमकी भरा मैसेज 23 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे मिला था। बाद में आरोपी ने मैसेज को डिलीट करने से पहले उसे दो बार एडिट किया था। हालांकि, डायल-112 के कर्मचारियों ने मैसेज का स्क्रीनशॉट ले लिया। इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई। तकनीकी जांच में हाथ लगे सुरागो के आधार पर क्राइम ब्रांच ने आरोपी की लोकेशन ट्रैस कर उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जॉच में सामने आया है की आरोपी मध्य प्रदेश के बुरहानपुर का रहने वाला है, और वह अपने पिता से परेशान चल रहा था। उसे लगा कि मुख्यमंत्री को धमकी भरा संदेश भेजने से पुलिस उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई करेगी। और उसके पिता की गिरफ्तारी हो जाएगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पहले भी बिना रेलवे टिकट यात्रा करने के आरोप में पकड़ा जा चुका है। उसे भोपाल लाया गया है, और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के सीएम को भी धमकी दे चुका है। पुलिस से बचने के लिये आरोपी चोरी के मोबाइल से धमकी देता था। अपना नाम और पहचान छिपाने के लिये उसने मुंबई में कैटरिंग संचालक का फोन चोरी किया था।




0 Comments