G News 24 : डॉ. अम्बेडकर आर्थिक कल्याण एवं संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित !

जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए स्वरोजगार का अवसर...

डॉ. अम्बेडकर आर्थिक कल्याण एवं संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित !

ग्वालियर। अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना एवं संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र आवेदक एमपी ऑनलाइन के पोर्टल samast.mponline.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत 173 तथा संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत 69 हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के लिए 10 हजार रुपये से 1 लाख रुपये तक की परियोजनाओं हेतु सहायता प्रदान की जाएगी। आवेदक ग्वालियर जिले का मूल निवासी तथा अनुसूचित जाति वर्ग का होना चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच हो। इस योजना में शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है। नियमित रूप से ऋण चुकाने पर अधिकतम 5 वर्ष तक 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज अनुदान दिया जाएगा। साथ ही ऋण की गारंटी फीस का भुगतान मध्यप्रदेश शासन द्वारा किया जाएगा।

संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत उद्योग इकाइयों के लिए 1 लाख रुपये से 50 लाख रुपये तक तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय के लिए 1 लाख रुपये से 25 लाख रुपये तक की परियोजनाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के लिए आवेदक का अनुसूचित जाति वर्ग का एवं ग्वालियर जिले का मूल निवासी होना आवश्यक है। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए। नियमित ऋण अदायगी की स्थिति में अधिकतम 7 वर्ष तक 5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के अंतर्गत गारंटी फीस का भुगतान भी मध्यप्रदेश शासन द्वारा किया जाएगा।

इन योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, उद्योग विभाग परिसर, सिटी सेंटर ग्वालियर तथा जनजातीय कार्य विभाग, सिटी सेंटर ग्वालियर से प्राप्त की जा सकती है।

 

Reactions

Post a Comment

0 Comments