G NEWS 24 : गोदरेज की चौथी नवीन एकीकृत विनिर्माण इकाई का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

चंबल औद्योगिक प्रगति से बना रहा नई पहचान...

गोदरेज की चौथी नवीन एकीकृत विनिर्माण इकाई का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल तो है ही, अब देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों के दिलों में भी बसता है। मालनपुर में गोदरेज की चौथी नई एकीकृत विनिर्माण इकाई का शुभारंभ मध्यप्रदेश में बढ़ते औद्योगिक निवेश और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बदलते निवेश परिदृश्य का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि चंबल अब तेजी से बदल रहा है और औद्योगिक प्रगति के साथ अपनी नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को भिंड जिले के औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की चौथी नवीन एकीकृत विनिर्माण इकाई का शुभारंभ किया। गोदरेज समूह द्वारा करीब 450 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश से स्थापित इस इकाई से 600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निवेश ‘मेड इन एमपी’ और ‘फेथ इन एमपी’ का उत्कृष्ट उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोदरेज ने करीब तीन दशक पहले मालनपुर में अपनी पहली इकाई स्थापित करते समय चुनौतियों के बजाय संभावनाओं को देखा था। आज मालनपुर ग्वालियर-चंबल के औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। यहां टॉय से लेकर टायर तक विभिन्न उद्योग विकसित हो रहे हैं। एलेक्सर इंडस्ट्रीज, गौतम सोलर और मवई की ग्लास मैन्युफैक्चरिंग इकाई सहित कई परियोजनाएं क्षेत्र के औद्योगिक विस्तार को गति दे रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में मैन्युफैक्चरिंग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। 

मध्यप्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में मिले निवेश प्रस्तावों में से 30 प्रतिशत से अधिक निवेश धरातल पर उतर चुका है। प्रदेश से करीब 76 हजार करोड़ रुपये के उत्पादों का निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश में तेजी से औद्योगिक प्रगति करने वाले राज्यों में अग्रणी बन रहा है और निवेश के बढ़ते अवसरों से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोदरेज की नई इकाई के शुभारंभ के साथ मालनपुर को एशिया की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड सोप मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का गौरव प्राप्त हुआ है। नई इकाई में प्रति मिनट करीब 4 हजार साबुन तैयार किए जा सकते हैं। वर्ष 1991 में मालनपुर में पहली इकाई स्थापित करने के बाद गोदरेज ने लगातार मध्यप्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास में योगदान दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में करीब दो महीने के भीतर तीसरी बड़ी औद्योगिक इकाई का शुभारंभ हुआ है। 

इससे पहले गुना में करीब 1500 करोड़ रुपये के निवेश से सीमेंट प्लांट और शिवपुरी में डिफेंस सेक्टर की मैन्युफैक्चरिंग इकाई का शुभारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि विभिन्न इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में किए गए एमओयू अब धरातल पर उतर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापित करने और कारोबार का विस्तार करने के लिए सरकार निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रही है। गोदरेज समूह की एग्जिक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने कहा कि मालनपुर में गोदरेज का रिश्ता 35 वर्षों पुराना है। वर्ष 1991 में यहां पहली मैन्युफैक्चरिंग इकाई शुरू की गई थी। अब तक यहां करीब 850 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। नई इकाई के विस्तार से रोजगार, कौशल विकास और विशेष रूप से महिलाओं के लिए नए अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि नई सुविधा पूरी तरह ऑपरेशनल होने के बाद करीब 3,800 करोड़ रुपये का टर्नओवर तैयार करेगी। कंपनी ने मैन्युफैक्चरिंग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है। गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के एमडी एवं सीईओ आसिफ मलवारी ने कहा कि नई इकाई अत्याधुनिक ऑटोमेशन और डिजिटाइजेशन तकनीक से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि मालनपुर में वर्तमान में करीब 2,200 कर्मचारी कार्यरत हैं, जो नई इकाई के साथ बढ़कर करीब 2,800 हो जाएंगे। कंपनी की मालनपुर में करीब 70 एकड़ क्षेत्र में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट संचालित हो रही है। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। 

कभी पिछड़े क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले चंबल में अब उद्योग और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। मालनपुर क्षेत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक केशव देसाई, विधायक अंबरीश शर्मा, विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना भदौरिया, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन अध्यक्ष संजय नागाइच, अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, गोदरेज समूह के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments