G NEWS 24 : ‘सृजन संवाद’ से विद्यार्थियों को पढ़ाया कानून और सुरक्षा का पाठ

संविधान, साइबर सुरक्षा और बाल अधिकारों की दी जानकारी...

‘सृजन संवाद’ से विद्यार्थियों को पढ़ाया कानून और सुरक्षा का पाठ

ग्वालियर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार को पद्मा विद्यालय, ग्वालियर में ‘सृजन संवाद’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति सजग बनाना तथा पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना रहा। 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जयराज कुबेर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, बाल अधिकार, किशोर न्याय (जेजे) अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों की सरल और व्यवहारिक जानकारी दी।

संवादात्मक सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने कानून, पुलिस व्यवस्था और नागरिक अधिकारों से जुड़े कई प्रश्न पूछे। एएसपी जयराज कुबेर ने उदाहरणों के माध्यम से कानूनों की उपयोगिता, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों, पुलिस की कार्यप्रणाली, डायल-112 आपातकालीन सेवा तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने का आग्रह किया। साथ ही छात्रों को जागरूक, जिम्मेदार और कानून का सम्मान करने वाला नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई और ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। ‘सृजन संवाद’ विद्यार्थियों और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ कानूनी जागरूकता का प्रभावी मंच बनकर उभरा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments