G NEWS 24 : पर्यटन क्विज़ 2026 में डीडी नगर मॉडल स्कूल बना विजेता !

मध्यप्रदेश की संस्कृति और पर्यटन पर छात्रों ने दिखाई शानदार प्रतिभा...

पर्यटन क्विज़ 2026 में डीडी नगर मॉडल स्कूल बना विजेता !

ग्वालियर। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति समिति तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम) में पर्यटन क्विज़ प्रतियोगिता–2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 166 विद्यालयों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 117 विद्यालयों ने सहभागिता दर्ज कराई। प्रत्येक विद्यालय से तीन छात्र एवं एक शिक्षक ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे पंजीयन प्रक्रिया से हुई। 

प्रथम चरण में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें मध्यप्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और विरासत से जुड़े वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया। दोपहर के भोजन के बाद लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए और सर्वश्रेष्ठ छह टीमों का चयन मल्टीमीडिया क्विज़ राउंड के लिए किया गया। दूसरा चरण दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चला, जिसमें ऑडियो और वीडियो आधारित प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की जानकारी और त्वरित सोच की परीक्षा ली गई।

कार्यक्रम के दौरान दर्शकों से भी प्रश्न पूछे गए, जिसमें ऑडियंस ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीमों की घोषणा की गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीडी नगर मॉडल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का खिताब अपने नाम किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पागन वीसी दूसरे तथा रामकृष्ण विद्या मंदिर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं सीएम राइज स्कूल बेरजा मुरार चौथे, आर्मी पब्लिक स्कूल पांचवें और सेंट जॉन वेनी स्कूल छठे स्थान पर रहे।

कार्यक्रम में आईआईटीटीएम के नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ दीक्षित, प्रोफेसर चंद्रशेखर बरुआ, परियोजना अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी अनुपम शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सहायक संचालक श्रीमती पुष्पा ढोडी, जिला सांख्यिकी अधिकारी सुश्री अपर्णा कुशवाहा, क्विज़ मास्टर महेंद्र कुशवाहा एवं उनकी टीम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मध्यप्रदेश की समृद्ध पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ज्ञानवर्धन के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना रहा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments