G News 24 : टीईटी के विरोध में दिल्ली जा रहे शिक्षक छिंदवाड़ा में रोके,पुलिस ने मोबाइल भी रखे अपने पास !

 प्रस्तावित शिक्षक आंदोलन में शामिल होने जा रहे छिंदवाड़ा और सिवनी के शिक्षकों को...

टीईटी के विरोध में दिल्ली जा रहे शिक्षक छिंदवाड़ा में रोके,पुलिस ने मोबाइल भी रखे अपने पास !

छिंदवाड़ा।  टीईटी के विरोध में रविवार को दिल्ली में प्रस्तावित शिक्षक आंदोलन में शामिल होने जा रहे छिंदवाड़ा और सिवनी के शिक्षकों को शनिवार को छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। शिक्षकों का आरोप है कि पुलिस ने उनके मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिए और ट्रेन रवाना होने के बाद लौटाए।

शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर चल रहा विरोध अब सड़क से लेकर दिल्ली तक पहुंच गया है। रविवार को दिल्ली में प्रस्तावित शिक्षक आंदोलन में शामिल होने जा रहे छिंदवाड़ा और सिवनी के शिक्षकों को शनिवार को छिंदवाड़ा में ही रोक दिया गया। शिक्षक पातालकोट एक्सप्रेस से दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही उन्हें छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया गया।

पुलिस ने मोबाइल रखे अपने पास, ट्रेन छूटने के बाद लौटाए

शिक्षकों का आरोप है कि पुलिस ने उनके मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए। मोबाइल तब तक वापस नहीं किए गए, जब तक ट्रेन छिंदवाड़ा से रवाना नहीं हो गई। ट्रेन के स्टेशन से निकलने के बाद शिक्षकों को मोबाइल वापस किए गए। वहीं, सिवनी से आए शिक्षकों को पुलिस वाहन से वापस सिवनी भेजे जाने की बात सामने आई है।

संयुक्त मोर्चे के बैनर तले दिल्ली कूच की थी तैयारी

राज्य शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष किरण शर्मा ने बताया कि टीईटी परीक्षा के विरोध में शिक्षक संयुक्त मोर्चे के माध्यम से आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसमें शामिल होने के लिए छिंदवाड़ा और सिवनी के शिक्षक शनिवार को पातालकोट एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। शिक्षकों के अनुसार, वे अभी दिल्ली पहुंच भी नहीं पाए थे कि पुलिस को उनके आंदोलन में शामिल होने के लिए जाने की जानकारी मिल गई। इसके बाद छिंदवाड़ा में उन्हें ट्रेन से उतार लिया गया।

ट्रेन छूटी, तभी लौटाए गए शिक्षकों के मोबाइल

कार्रवाई के दौरान शिक्षकों के मोबाइल फोन पुलिस द्वारा अपने पास रखे जाने से भी मामला चर्चा में आ गया। शिक्षकों के मुताबिक, उन्हें मोबाइल वापस देने के लिए ट्रेन के छिंदवाड़ा से रवाना होने का इंतजार किया गया। ट्रेन के रवाना होने के बाद मोबाइल वापस किए गए। सिवनी के शिक्षकों को पुलिस वाहन से वापस सिवनी ले जाया गया। इस घटनाक्रम के बाद शिक्षक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय धरने से दिल्ली तक पहुंचा टीईटी का विरोध

टीईटी के मुद्दे को लेकर शिक्षकों का विरोध लगातार तेज हो रहा है। जिले में शिक्षक ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से अपनी मांगें उठा रहे हैं। अब इसी विरोध को दिल्ली तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी। रविवार को दिल्ली में होने वाले आंदोलन में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से शिक्षकों के पहुंचने की बात कही जा रही है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments