करीब एक सप्ताह पहले गांव के एक कुत्ते ने गाय को काट लिया था...
कुत्ते के काटने के बाद गाय की मौत,गाय का दूध पी चुके परिवार के10 सदस्य अस्पताल पहुंचे !
उज्जैन। उज्जैन के घोंसला तहसील के रूदाहेड़ा गांव में रैबीज संक्रमित गाय की मौत के बाद एक परिवार में दहशत फैल गई। करीब एक सप्ताह पहले गांव के एक कुत्ते ने विष्णुलाल की गाय को काट लिया था। इसके बाद पिछले तीन दिनों से गाय ने खाना-पीना छोड़ दिया था और वह असामान्य हरकतें कर रही थी। मंगलवार दोपहर गाय की मौत हो गई।
गाय की मौत के बाद परिजनों को पता चला कि वे पिछले कई दिनों से उसी गाय का दूध पी रहे थे। इसके बाद परिवार के सदस्यों में रैबीज संक्रमण की आशंका को लेकर घबराहट फैल गई। परिवार के सभी 10 सदस्य उज्जैन के चरक भवन अस्पताल पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने विष्णुलाल, ताराचंद, हरिशंकर, शांताबाई, संध्या, शिवम, सुमित, भविष्य, संगीता और हंसबाई को एहतियातन रैबीज से बचाव के इंजेक्शन लगाए।



0 Comments