G News 24 : विद्यार्थियों को हमेशा कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए : श्री राकेश शुक्ला

 प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान में विधि एवं बी.कॉम. विभाग का ‘दीक्षारंभ-2026’ समारोह सम्पन्न... 

विद्यार्थियों को हमेशा कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए : श्री राकेश शुक्ला

ग्वालियर। प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान, ग्वालियर के विधि एवं बी.कॉम. विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु ‘दीक्षारंभ-2026’ समारोह का आयोजन न्यू कन्वेंशन हॉल में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों एवं संकाय सदस्यों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के पुष्प स्वागत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्री राकेश शुक्ला, कैबिनेट मंत्री, मध्य प्रदेश शासन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल शिक्षा प्राप्त करने का समय नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम एवं निरंतर सीखने की भावना अपनाने तथा अपने ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि प्रो. शांतिदेव सिसोदिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक का निर्माण करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. निर्मला बंदोपाध्याय ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि उच्च शिक्षा व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता के विकास की प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी दक्षता विकसित करने का आह्वान किया।

विधि विभाग की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राखी सिंह चौहान ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विधि शिक्षा न्याय, संवेदनशीलता, नैतिकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, मूट कोर्ट, अनुसंधान एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

विधि विभाग के कार्यक्रम समन्वयक श्री आबिल हुसैन ने विद्यार्थियों को अभिमुखीकरण कार्यक्रम एवं संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था की संक्षिप्त जानकारी दी। वहीं बी.कॉम. विभाग के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रवीण अरोणकर ने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, कौशल विकास, इंटर्नशिप एवं करियर उन्मुख कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दीक्षा बंधन बाँधकर उन्हें संस्थान की शैक्षणिक परंपरा एवं मूल्यों से जोड़ने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात विधि एवं बी.कॉम. विभाग के मेंटर्स का परिचय कराया गया तथा मेंटरिंग व्यवस्था की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन विधि विभाग की सहायक प्राध्यापिका सुश्री जिज्ञासा वोहरा ने किया। अंत में डॉ. अमरपाली चावला ने अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ प्राध्यापकगण, दोनों विभागों के संकाय सदस्य, नवप्रवेशित विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments