G News 24 : मुक्तिधामों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नगर निगम आयुक्त ने दिए निर्देश !

 तीन दिन में निर्धारित प्रारूप में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश...

मुक्तिधामों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नगर निगम आयुक्त ने दिए निर्देश !

ग्वालियर। शहर के मुक्तिधामों में आम नागरिकों को बेहतर एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मुक्तिधामों का निरीक्षण कर उनकी वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी निर्धारित प्रारूप में तीन दिवस के भीतर उपलब्ध कराएं।

नगर निगम आयुक्त द्वारा जारी निर्देशों के तहत मुक्तिधामों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी संकलित की जाएगी। इसमें दाह संस्कार की रसीद एवं शुल्क, लकड़ी एवं कंडे की उपलब्धता, मुक्तिधाम तक पहुंच मार्ग, दाह संस्कार के प्रकार, टीन शेड, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी शामिल है।

नगर निगम परिषद द्वारा पारित ठहराव 289 के पालन में आयुक्त संघ प्रिय ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जानकारी वास्तविक स्थिति के आधार पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि मुक्तिधामों में वर्तमान व्यवस्थाओं का समुचित आकलन किया जा सके। प्राप्त जानकारी के आधार पर जहां भी आवश्यक हो, वहां मूलभूत सुविधाओं को विकसित एवं सुदृढ़ करने के साथ ही व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

नगर निगम का उद्देश्य शहर के मुक्तिधामों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाना है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा उन्हें गरिमापूर्ण वातावरण में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Reactions

Post a Comment

0 Comments