हरियाणा के हिसार में हुई 12 राउंड फायरिंग...
कोर्ट गेट के सामने गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की हत्या,मृतक पर हत्या समेत 40 मामले दर्ज थे !
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले से गुरुवार को अपराध की चौंका देने वाली वारदात सामने आई है। हिसार में कोर्ट गेट के सामने गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की हत्या कर दी गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने मौके पर 12 गोलियां चलाईं हैं। ये गैंगस्टर विनोद पानू कोर्ट में पेशी पर आया था। हालांकि, इसी दौरान कोर्ट के बाहर गेट पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर के उसकी हत्या कर दी। आइए जानते हैं कि इस हत्या के बारे में अब तक क्या जानकारी मिली है।
काणा पर अपराध के 40 मामले दर्ज थे
आपको बता दें कि हिसार में कोर्ट गेट के बाहर जिस गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की हत्या हुई, वह हिसार का मोस्ट वांटेड था। जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर विनोद ने ही विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या की थी। इस गैंगस्टर पर हत्या समेत अपराध के 40 मामले दर्ज थे। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने कोर्ट गेट के सामने 12 राउंड फायरिंग की।
वकील ने बताई पूरी वारदात
इस पूरी घटना को लेकर मौके पर मौजूद वकील दीपांशु कडवासरा ने बताया कि "एक गोली चली तो उसके बाद मैं कोर्ट से बाहर आया। मैंने देखा कि विनोद नीचे गिरा हुआ था। इसके बावजूद गोली मारने वाले ने विनोद पर 5 से 6 गोलियां और चलाई। उसके बाद आरोपी ने वकीलों वाली पार्किंग में भागने की कोशिश की, पुलिस ने फिर पीछा कर के उसे पकड़ लिया। विनोद के साथ भी 3-4 लोग थे। विनोद की आज तारीख थी, केस का फैसला आना था। इन्हें कोर्ट ने बरी कर दिया था। ये अपने-अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान यहां फायरिंग शुरू हो गई। गोली चलाने वाले 3 लोग थे। मौके पर करीब 2 से 3 मिनट तक गोलियां चलती रही।"
आपको बता दें कि इसी महीने हरियाणा के चरखी दादरी जिले में तीन अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने एक स्कॉर्पियो अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस हमले में वाहन में सवार 7 लोगों में 2 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे। पैदल आए हमलावरों ने वाहन में सवार लोगों पर 10 से 15 गोलियां चलाईं थी। इस पूरी घटना की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली थी।



0 Comments