G News 24 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर किया ध्वजारोहण !

 हर साल एक लाख युवाओं को रोजगार,सभी जिलों में बनेंगे MSME पार्क: CM 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर किया ध्वजारोहण !

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं, किसानों, उद्योग और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कई बड़े एलान किए। उन्होंने 2027 को 'युवा वर्ष' घोषित करते हुए हर साल एक लाख युवाओं को रोजगार देने और हर जिले में एमएसएमई पार्क स्थापित करने की घोषणा की।

 80वें स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को पूरा मध्यप्रदेश देशभक्ति के रंग में रंग गया। चारों ओर तिरंगा लहराया और देशभक्ति गीतों ने युवाओं को उत्साह से भर दिया। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन हुआ और ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान जन-गण-मन की धुन बजाई गई। उसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। 

परेड में सशस्त्र दलों ने हर्ष फायर किया और पुलिस बैंड ने देश भक्ति गीतों की धुनों से वातावरण में राष्ट्र प्रेम और समर्पण के भाव का संचार किया। परेड में पुलिस बैंड सहित कुल 22 टुकड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री  यादव ने प्रदेश के नाम अपने संदेश में समान नागरिक संहिता,  किसान, खेत, निवेश, शिक्षा, युवा, वन, धर्म-संस्कृति सहित हर क्षेत्र का जिक्र किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए युवाओं, किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं।  

हर साल एक लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 85 हजार से अधिक युवाओं की शासकीय सेवा में नियुक्ति की है। आने वाले समय में हर वर्ष एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी। अगले एक वर्ष में एक लाख से अधिक युवाओं को आईटीआई में प्रवेश दिलाने और हर साल 10 हजार युवाओं को ग्लोबल स्किल पार्क में प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में अलग से प्लेसमेंट सेल बनाया जाएगा, जो उद्योगों और युवाओं के बीच समन्वय का काम करेगा। 

2027 को बनाया जाएगा 'युवा वर्ष'

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2025 को निवेश और रोजगार वर्ष तथा 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने के बाद अब वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के समग्र विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, रोजगार, स्टार्टअप, खेल और नेतृत्व क्षमता जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया जाएगा। 

जन विश्वास अभियान और मिशन GYANII पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का भरोसा ही सुशासन की सबसे बड़ी ताकत है। जनकल्याण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनविश्वास और जनसंवाद जरूरी हैं। इसी सोच के साथ 7 अगस्त 2026 से 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का नारा 'न देरी, न दूरी' है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना है। अभियान का पहला चरण 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार ने 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है, जो पिछले साल की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में भी 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश त्रिवर्षीय रोलिंग बजट लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'GYAN' (गरीब, युवा, नारी और किसान) मंत्र को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने इसमें उद्योग और बुनियादी ढांचे को जोड़कर 'GYANII' मॉडल तैयार किया है।

हर जिले में बनेगा एमएसएमई पार्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक एमएसएमई पार्क स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा 10 नए एमएसएमई क्लस्टर भी विकसित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भोपाल में इंजीनियरिंग सेक्टर के लिए 30 करोड़ रुपये की लागत से नए केंद्र की स्थापना की जा रही है। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या बढ़ाकर 12 हजार से अधिक करने और 100 नए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य भी रखा गया है। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments