घाटी से आई स्वतंत्रता दिवस की भव्य तस्वीरें देख दिल को मिला सकूं ...
लाल चौक पर गूंजा वन्दे मातरम एवं हुआ राष्ट्रगान,LoC पर आधी रात को फहराया गया तिरंगा !
80वें स्वतंत्रता दिवस पर श्रीनगर के लाल चौक से लेकर नियंत्रण रेखा (LoC) स्थित केरान घाटी तक कश्मीर में देशभक्ति का अभूतपूर्व जश्न देखने को मिला. 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कश्मीर में देशभक्ति का अनूठा माहौल दिखा. कभी तनाव और सन्नाटे के लिए पहचाने जाने वाले लाल चौक पर तिरंगा शान से लहराया.
घंटाघर के पास लोगों ने 'वंदे मातरम' के नारे लगाए. नियंत्रण रेखा (LoC) के पास किशनगंगा नदी के किनारे आधी रात को भव्य आतिशबाजी हुई. घाटी में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने मिलकर आजादी का जश्न मनाया. इस ऐतिहासिक उत्सव ने साफ कर दिया कि घाटी हिंसा छोड़ अब शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ चुकी है.
लाल चौक पर आजादी का भव्य जश्न, शान से लहराया तिरंगा
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कश्मीर का ऐतिहासिक लाल चौक पूरी तरह बदला हुआ नजर आया. यह अब पहले जैसा सुनसान इलाका नहीं रहा, बल्कि देशभक्ति का बड़ा केंद्र बन चुका है. यहां चारों तरफ "वंदे मातरम" और "भारत माता की जय" के नारे गूंजते रहे और पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर गर्व से राष्ट्रगान गाया.
क्लॉक टावर बना मुख्य आकर्षण
ऐतिहासिक क्लॉक टावर (घंटाघर) को तिरंगे की रोशनी और झंडों से सजाया गया, जो जगह कभी तनाव और बंद का प्रतीक मानी जाती थी, वह अब पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एक खूबसूरत सेल्फी पॉइंट बन चुकी है. युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने तिरंगे के साथ इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरों में कैद किया.
LoC पर 80 साल बाद ऐतिहासिक जश्न
नियंत्रण रेखा (LoC) के ठीक पास स्थित केरान घाटी में आजादी के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर आधी रात को भव्य आतिशबाजी हुई. किशनगंगा नदी के किनारे रात 12 बजते ही आसमान तिरंगे के रंगों और शानदार आतिशबाजी से नहा गया, जिससे पूरी घाटी देशभक्ति के रंग में रंग गई. नदी के ठीक दूसरे छोर पर मौजूद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के लोगों और वहां तैनात पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने भी भारत के इस अभूतपूर्व जश्न को अपनी आंखों से देखा.
अलगाववाद और डर के दौर का अंत
दशकों तक स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जहां सुरक्षा कारणों से सन्नाटा रहता था, वहीं अब पूरे देश से आए सैलानी स्थानीय नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आजादी का उत्सव मना रहे हैं. कश्मीर ने साफ संदेश दिया है कि घाटी ने हिंसा और अलगाववाद को पीछे छोड़कर शांति, विकास और प्रगति का रास्ता चुन लिया है.
बख्शी स्टेडियम में मुख्य समारोह, सीएम ने फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राजकीय समारोह श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ध्वजारोहण किया और संयुक्त परेड की सलामी ली, इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया.
सुरक्षा का कड़ा पहरा
स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार किया गया था. J&K पुलिस, भारतीय सेना, CRPF और BSF के जवानों ने मुख्य आयोजन स्थलों, संवेदनशील इलाकों, राजमार्गों, नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 24 घंटे कड़ी निगरानी बनाए रखी.



0 Comments