G News 24 : लाल किले की प्राचीर से PM मोदी का 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होने का आह्वान !

 आओ मिलकर विकसित भारत बनाएं...

लाल किले की प्राचीर से PM मोदी का 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होने का आह्वान !

80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए भारत की बदलती सामर्थ्य, आत्मनिर्भरता और भविष्य के रोडमैप की एक सशक्त तस्वीर पेश की. प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने प्रगति की जो नई रफ्तार पकड़ी है, उसके बाद अब 140 करोड़ देशवासियों के संकल्प, हौसले और सामर्थ्य को रोकना नामुमकिन है. अपने संबोधन में उन्होंने जहां पिछले एक दशक में मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल क्रांति और बुनियादी ढांचे में हुए अभूतपूर्व विकास के ठोस आंकड़े सामने रखे, वहीं 2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण को गति देने के लिए देश के युवाओं, तकनीकी आत्मनिर्भरता, ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी 6 युगांतरकारी घोषणाएं भी कीं. 

आंकड़ों की जुबानी भारत की प्रगति

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को संबोधित करते हुए रेखांकित किया कि भारत ने 'स्पीड और स्केल' के जिस नए मॉडल को अपनाया है, वह आजादी के बाद पहले कभी नहीं देखा गया:

  • - मैन्युफैक्चरिंग में क्रांति: पिछले 12 वर्षों में मोबाइल फोन उत्पादन में 33 गुना, आधुनिक रेलवे कोच निर्माण में 21 गुना, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में 7 गुना, खादी व ग्रामोद्योग में 5 गुना और रक्षा उत्पादन (डिफेंस) में 4 गुना की भारी वृद्धि दर्ज की गई है.
  • - डिजिटल और नवाचार की शक्ति: देश में डिजिटल लेन-देन में 100 गुना का ऐतिहासिक उछाल आया है, जबकि पेटेंट ग्रांट होने की संख्या और इंटरनेट उपभोक्ताओं की तादाद में 4 गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है.
  • - अंतिम छोर तक जनकल्याण: 'नल से जल' कनेक्शन देने की गति में 15 गुना, गैस कनेक्शन वितरण में 6 गुना, गरीबों के शौचालय निर्माण में 4 गुना और पक्के आवास उपलब्ध कराने की रफ्तार में 3 गुना की तेजी आई है.
  • - सुशासन व कानूनी सुधार: 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को ढालने के लिए सैकड़ों पुराने और अप्रासंगिक कानूनों को खत्म किया गया.

भविष्य की बुनियाद: लाल किले से 6 बड़े ऐतिहासिक संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के सशक्तिकरण, उच्च तकनीक और सुरक्षा के क्षेत्र में 6 नए व दूरगामी कदमों की घोषणा की:

1. 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग: आने वाले एक वर्ष में देश के 1 करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का कौशल दिया जाएगा, ताकि वैश्विक तकनीक का नेतृत्व भारतीय युवा कर सकें.

2. प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग: मध्यम-वर्गीय परिवारों पर कोचिंग के भारी आर्थिक बोझ को समाप्त करने के लिए डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए देशव्यापी स्तर पर मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क शुरू होगा.

3. सेमीकंडक्टर हब बनेगा भारत: देश में चिप निर्माण को गति देने के लिए 3 मौजूदा प्लांट्स के बाद अगले 7-8 वर्षों में 5 से 8 नए सेमीकंडक्टर प्लांट्स स्थापित किए जाएंगे.

4. 2047 तक 100 GW परमाणु ऊर्जा: संसद में पारित 'पीस एक्ट' के तहत इसी दशक में 5 नए रिएक्टर शुरू होंगे और भारत फास्ट ब्रीडर तकनीक में महारत के साथ ऊर्जा क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनेगा.

5. मिशन 2036 'स्पोर्ट्स टैलेंट हंट: 2036 ओलंपिक की तैयारी के तहत 5 से 15 वर्ष की आयु वर्ग के होनहार खिलाड़ियों को खोजने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा.

6. सिविल डिफेंस व आपातकालीन सुरक्षा नेटवर्क: युद्ध के बदलते स्वरूप को देखते हुए आंतरिक और बाह्य चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक नागरिक सुरक्षा प्रणाली लागू की जाएगी.

प्रधानमंत्री ने अंत में बल देकर कहा कि आत्मनिर्भरता केवल एक नारा नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और स्वाभिमान की पहली शर्त है. दुनिया से सस्ता सामान खरीदने के बजाय अपनी क्षमताओं का निर्माण करना ही भारत को 2047 तक विश्व की शीर्ष शक्ति बनाएगा.

Reactions

Post a Comment

0 Comments