G News 24 : 4 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी,अंशुमन यादव बने ADG इंटेलिजेंस,जारी हुए आदेश !

 मध्य प्रदेश के गृह विभाग में प्रशासनिक फेरबदल...

4 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी,अंशुमन यादव बने ADG इंटेलिजेंस,जारी हुए आदेश !

भोपाल। मध्य प्रदेश के गृह विभाग में शनिवार को प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस बदलाव में 2 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है वहीं 2 अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गृह विभाग ने वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से जुड़े आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत 1998 बैच के IPS अधिकारी अंशुमन यादव को प्रदेश का नया ADG Intelligence (गुप्तवार्ता) बनाया गया है। वहीं, 1995 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी चंचल शेखर को खेल एवं युवक कल्याण विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है।

अंशुमन यादव को इंटेलिजेंस की कमान

अंशुमन यादव अब तक खेल एवं युवक कल्याण विभाग के संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सरकार ने उन्हें इस पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय की बेहद संवेदनशील जिम्मेदारी सौंपी है। अब वे ADG गुप्तवार्ता (Intelligence) के रूप में काम करेंगे। इसके साथ ही उन्हें ADG साइबर, पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

यह बदलाव वर्तमान ADG Intelligence ए. साईं मनोहर के रिटायरमेंट से ठीक पहले हुआ है। 1995 बैच के IPS अधिकारी ए. साईं मनोहर 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट से दो दिन पहले सरकार ने इंटेलिजेंस की नई कमान तय कर दी है।

चंचल शेखर को खेल विभाग की जिम्मेदारी

अंशुमन यादव के स्थान पर अब 1995 बैच के IPS अधिकारी चंचल शेखर को खेल एवं युवक कल्याण विभाग का संचालक बनाया गया है। चंचल शेखर वर्तमान में ADG, विशेष सशस्त्र बल (SAF) के पद पर कार्यरत थे। आदेश के बाद उनकी सेवाएं खेल एवं युवक कल्याण विभाग को सौंप दी गई हैं।

अनिल कुमार को AJAK का अतिरिक्त प्रभार

सरकार ने 1993 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी अनिल कुमार को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है। वे वर्तमान में विशेष पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) के पद पर हैं। अब उन्हें अपने वर्तमान दायित्व के साथ विशेष पुलिस महानिदेशक, AJAK (अनुसूचित जाति कल्याण), पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

डी. श्रीनिवास वर्मा को SAF और SISF का प्रभार

1997 बैच के IPS अधिकारी डी. श्रीनिवास वर्मा, जो वर्तमान में ADG नारकोटिक्स और ADG STF की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें चंचल शेखर के स्थान पर ADG विशेष सशस्त्र बल (SAF) एवं SISF का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद मध्यप्रदेश पुलिस के इंटेलिजेंस, साइबर, SAF और खेल विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। खास तौर पर अंशुमन यादव को इंटेलिजेंस की कमान सौंपे जाने को पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है

Reactions

Post a Comment

0 Comments