नियमों के तहत लिए गए हर फैसले की जिम्मेदारी मेरी...
किसी भी दबाव में आने की जरूरत नहीं, बेखौफ होकर काम करें : सीआरपीएफ प्रमुख
नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने जवानों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के दबाव में आने की आवश्यकता नहीं है। यदि जवान नियमों और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं, तो उनके हर फैसले की जिम्मेदारी वह स्वयं लेंगे। सीआरपीएफ के अलंकरण समारोह में जवानों को संबोधित करते हुए डीजी ने कहा कि चाहे ऑपरेशनल बटालियन हो या कानून-व्यवस्था संभालने वाली इकाई, ड्यूटी के दौरान ईमानदारी और नियमों के अनुरूप लिया गया हर निर्णय नेतृत्व की जिम्मेदारी है।
उन्होंने जवानों से बेखौफ होकर अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी में परीक्षा पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आया था। प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठे थे। इस पर सीआरपीएफ ने स्पष्ट किया कि हर बड़े अभियान की पेशेवर समीक्षा उसकी मानक कार्यप्रणाली (SOP) का हिस्सा है और इसी प्रक्रिया के तहत पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जाएगी।
रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) सीआरपीएफ की विशेष इकाई है, जिसे दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील कानून-व्यवस्था की स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। देशभर में बड़े प्रदर्शनों और तनावपूर्ण परिस्थितियों में इसकी तैनाती की जाती रही है। सीआरपीएफ देश की सबसे बड़ी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में शामिल है। यह कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आतंकवाद, उग्रवाद और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बल की विशेष COBRA इकाइयों ने कठिन परिस्थितियों में कई सफल अभियान संचालित किए हैं।



0 Comments