G NEWS 24 : पूर्व बस चालक के घर छापे में मिला कुबेर का खजाना !

₹28 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद...

पूर्व बस चालक के घर छापे में मिला कुबेर का खजाना !

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की छापेमार कार्रवाई के दौरान एक पूर्व सरकारी बस चालक के घर से भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद होने से सनसनी फैल गई। देवचा गांव स्थित मीनार मंडल उर्फ टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के दो मंजिला मकान पर की गई कार्रवाई में पुलिस को 35 बोरियों में भरे ₹28 करोड़ से अधिक नकद और 15 किलोग्राम सोना मिला। अधिकारियों के अनुसार, घर के अंदर नोटों से भरी बोरियां और सोने की छड़ें देखकर पुलिस दल भी हैरान रह गया। 

बरामद नकदी इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती हाथों से करना संभव नहीं था। इसके लिए नोट गिनने वाली पांच मशीनें मंगवाई गईं। कई घंटों तक चली गिनती के दौरान मशीनें भी लगातार उपयोग के कारण बीच-बीच में बंद हो गईं। पूरी प्रक्रिया के बाद नकदी की गिनती पूरी की जा सकी। पुलिस ने बताया कि घर से एक-एक किलो वजन की 14 सोने की छड़ें तथा 100-100 ग्राम के 10 सोने के बिस्किट भी बरामद किए गए हैं। 

जब्त सोने की अनुमानित कीमत करीब ₹21.5 करोड़ बताई जा रही है। नकदी और सोने को जब्त कर ले जाने के लिए पुलिस को लोहे के पांच बड़े बक्सों की व्यवस्था करनी पड़ी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मीनार मंडल पहले नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन में बस चालक था। बाद में उसने नौकरी छोड़कर पत्थर और रेत के कारोबार में कदम रखा और बीरभूम के खनन कारोबार का बड़ा नाम बन गया। 

पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई जिले में कथित अवैध खनन और राजस्व चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, मीनार मंडल का नाम पहले भी करोड़ों रुपये के मवेशी तस्करी मामले में सामने आ चुका है। वर्ष 2022 में सीबीआई ने उसके कार्यालय, गोदाम और अन्य परिसरों पर छापेमारी की थी, जबकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी उसे पूछताछ के लिए तलब किया था। 

इसके बाद वह एक हत्या के मामले में भी गिरफ्तार हुआ था और जमानत मिलने के बाद कथित रूप से लंबे समय तक भूमिगत रहा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मीनार मंडल और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि नकदी और सोने के स्रोत, अवैध खनन से जुड़े वित्तीय लेन-देन तथा अन्य संभावित ठिकानों की जांच जारी है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments