G NEWS 24 : संसद में आज दो अहम विधेयकों पर चर्चा, विपक्ष की कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी !

लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट जज संख्या संशोधन विधेयक, राज्यसभा में एंटी-पेपर लीक और MSME बिल पर होगी बहस...

संसद में आज दो अहम विधेयकों पर चर्चा, विपक्ष की भी सरकार को घेरने की तैयारी !

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में आज का दिन अहम रहने वाला है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और विभिन्न मंत्रालयों से जुड़ी रिपोर्टें पेश की जाएंगी। इसके साथ ही विपक्ष भी कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। लोकसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। इसके बाद सरकार "सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक 2026" पेश करेगी। विपक्षी सांसद इस विषय पर वैधानिक संकल्प भी लाएंगे। सदन में विदेश मामलों की स्थायी समिति की आर्कटिक-अंटार्कटिक में भारत की भूमिका और भारत-बांग्लादेश संबंधों पर रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।

राज्यसभा में "एंटी-पेपर लीक संशोधन विधेयक 2026" और "एमएसएमई संशोधन विधेयक" पर चर्चा और पारित कराने की प्रक्रिया होगी। एंटी-पेपर लीक बिल में परीक्षा में धांधली और पेपर लीक पर कड़ी सजा, विशेष जांच दल (STF) तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट जैसी व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया है। वहीं, विपक्ष संसद में अन्य मुद्दों को भी उठाने की तैयारी में है। कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले पर नियम 267 के तहत चर्चा की मांग की है।

बुधवार को लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर हुई तीखी बहस के बाद आज राज्यसभा में भी हंगामे के आसार हैं। इस बीच भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान पर आपत्ति जताते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। आज संसद में महत्वपूर्ण विधायी कार्यों के साथ-साथ सरकार और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बहस देखने की संभावना है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments