G News 24 : अब पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं होगी', द्रास में बोले राजनाथ सिंह

 कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ...

अब पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं होगी', द्रास में बोले राजनाथ सिंह

कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारा इरादा साफ है कि अब पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं होगी। अगर कोई बातचीत होगी भी, तो सिर्फ पीओके पर होगी, जो भारत का हिस्सा है जिसपर पाकिस्तान ने अवैध तरीके से कब्जा कर रखा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'हमारे बहादुर सैनिकों ने हमेशा अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया है। हमने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का एक वर्ष पूरा किया है। ऑपरेशन के दौरान हमारी जांबाज सेना के जवानों और अधिकारियों ने आतंकवादियों और उनके सरपरस्तों को ऐसा जवाब दिया है, जिसे वे कभी भूल नहीं पाएंगे। भारत पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का जवाब उसकी कल्पना से कहीं अधिक कठोर तरीके देने की क्षमता रखता है। मैं इस मंच से यह साफ संदेश देना चाहता हूं कि भारत की संप्रभुता की ओर बढ़ने वाला हर नापाक कदम का यही अंजाम होगा।'

राजनाथ सिंह ने कहा, "कारगिल युद्ध केवल भारत की सैन्य और कूटनीतिक विजय नहीं थी बल्कि वह एक ऐसा क्षण था, जब पूरी दुनिया ने भारतीय सैनिकों का अदम्य साहस देखा, उनका शौर्य देखा। कारगिल युद्ध के समय भारतीय जवानों की वीरता ने ऐसा इतिहास रचा था, जो हर भारतवासी के लिए गर्व का विषय है"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "मैं कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारत माता के उन जांबाज सपूतों को नमन करता हूं, जो मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने में पीछे नहीं हटे।"

बता दें कि 27वें कारगिल विजय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को द्रास पहुंचे थे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments