G NEWS 24 : पाकिस्तानी की खुफिया एजेंसी के टेरर मॉड्यूल का हुआ खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी...

पाकिस्तानी की खुफिया एजेंसी के टेरर मॉड्यूल का हुआ खुलासा

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में संयुक्त अभियान चलाकर कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, जांच में दो अलग-अलग मॉड्यूल का खुलासा हुआ है, जिनमें एक आतंकी गतिविधियों से जुड़ा नेटवर्क और दूसरा अवैध हथियारों की तस्करी से संबंधित मॉड्यूल शामिल है। 

प्रारंभिक जांच में इनका संबंध आतंकी शाहजाद भट्टी नेटवर्क से सामने आने की बात कही गई है। स्पेशल सेल ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कई अवैध पिस्तौल और पेट्रोल बम बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। 

पुलिस ने बताया कि बरामद पेट्रोल बमों के इस्तेमाल के संभावित उद्देश्यों और अन्य मामलों से इनके संबंधों की भी जांच की जा रही है। इसी क्रम में रांची स्थित आरएसएस कार्यालय पर पूर्व में हुए पेट्रोल बम हमले सहित अन्य घटनाओं के संभावित लिंक की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments