G NEWS 24 : पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए छात्रों के बीच पहुंचकर दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक...

पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए छात्रों के बीच पहुंचकर दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

ग्वालियर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशन एवं अभियान के नोडल़ अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर सुजावल जग्गा के मार्गदर्शन में जिलेभर में लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसी क्रम में दिनांक 06 जुलाई 2026 को ग्वालियर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों को बताया गया कि थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।

साथ ही डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने, सोशल मीडिया पर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। थाना भंवरपुरा पुलिस द्वारा थाना प्रभारी उनि. आलोक सिंह तोमर के नेतृत्व में ग्राम डांडाखिरक एवं आदिवासियों का पुरा में दो अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों जैसे फर्जी बैंक अधिकारी बनकर कॉल करना, ओटीपी एवं सीवीवी नंबर प्राप्त कर बैंक खाते से राशि निकालना, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करना तथा ऑनलाइन खरीद-बिक्री के दौरान होने वाली ठगी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर समय न गंवाते हुए तत्काल ’’1930 हेल्पलाइन’’ अथवा ’’राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। 

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। थाना कंपू पुलिस द्वारा हेमा कॉन्वेंट स्कूल, आर्मी बजरिया में एक व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया। थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार, उनि सुमित्रा तिग्गा एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर बुलिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, फिशिंग, डिजिटल फ्रॉड तथा मोबाइल एप से संबंधित सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड एवं ओटीपी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करें। 

कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पेम्फलेट भी वितरित किए गए तथा विद्यार्थियों को अपने परिवार एवं मित्रों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। इसी प्रकार थाना घाटीगांव पुलिस द्वारा ग्राम कैंट में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उनि. उमाशंकर तोमर एवं पुलिस टीम ने उपस्थित नागरिकों को डिजिटल लेन-देन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में बताया गया कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, बैंक अथवा अन्य सरकारी संस्था के नाम पर आने वाली संदिग्ध कॉलों एवं संदेशों पर विश्वास न करें तथा ऑनलाइन भुगतान करते समय केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें। थाना करहिया पुलिस द्वारा ग्राम नैनागिर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप एवं उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। 

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, एटीएम कार्ड, क्यूआर कोड स्कैन करने तथा मोबाइल एप के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक करते हुए बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। उपस्थित लोगों को समझाया गया कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को बैंक, पुलिस, सीबीआई, ईडी अथवा अन्य सरकारी संस्था का अधिकारी बताकर धनराशि की मांग करता है तो उसकी बातों में न आएं और तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा ’’1930 हेल्पलाइन’’ पर सूचना दें। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। थाना उटीला पुलिस द्वारा सिद्ध स्थान, कस्बा उटीला में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में आमजनों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को डिजिटल भुगतान करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल से बचने, मोबाइल फोन एवं बैंक खातों की सुरक्षा, संदिग्ध वेबसाइटों एवं मोबाइल एप से दूर रहने तथा ऑनलाइन ठगी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। 

साथ ही नागरिकों को यह भी बताया गया कि साइबर अपराध की सूचना जितनी शीघ्र पुलिस को दी जाएगी, ठगी गई राशि को वापस प्राप्त करने की संभावना उतनी ही अधिक होती है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न थाना क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गये। सभी कार्यक्रमों के माध्यम से आमजनों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया। ग्वालियर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। ग्वालियर पुलिस द्वारा  आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

Reactions

Post a Comment

0 Comments