G NEWS 24 : हनुमानजी को मानसिक गुरु मान श्रद्धालुओं ने ली गुरु दीक्षा

बालाजी धाम में भक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम...

हनुमानजी को मानसिक गुरु मान श्रद्धालुओं ने ली गुरु दीक्षा

ग्वालियर। शहर के गोलपाड़ा स्थित बालाजी धाम मंदिर में बुधवार को धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजित विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री हनुमानजी महाराज को अपना ‘मानसिक गुरु’ मानते हुए गुरु दीक्षा ग्रहण की। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, विशेष चौपाई जप, मालपुआ-खीर के भोग और प्रसादी भंडारे के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने भक्ति के साथ प्रकृति संरक्षण का भी संकल्प लिया।

दीक्षा समारोह में चरण सेवक जगबीर दास, हनुमान स्वरूप राम उपाध्याय एवं पंडित पीयूष शास्त्री ने श्रद्धालुओं को गुरु दीक्षा दिलाई। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया कि वे ज्ञान और गुणों के सागर, अजर-अमर श्री हनुमानजी महाराज को अपना मानसिक गुरु मानते हुए जीवनभर उनकी आराधना करेंगे तथा हर परिस्थिति में उनके मार्गदर्शन का अनुसरण करेंगे।

दीक्षा के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ऑक्सीजन प्रदान करने वाले स्नेक प्लांट और तुलसी के पौधे भेंट किए गए। श्रद्धालुओं ने पौधों को गुरु का आशीर्वाद बताते हुए उनकी आजीवन देखभाल करने का संकल्प लिया। उनका कहना था कि यह केवल एक पौधा नहीं, बल्कि गुरु का आशीर्वाद और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है, जिसे वे जीवनभर सहेजकर रखेंगे।

धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्री हनुमानजी महाराज को मालपुआ एवं खीर का विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके बाद आयोजित प्रसादी भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा और भक्ति, सेवा तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ प्रसारित होता रहा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments