दिल्ली में पांच मंजिला मकान ढहा...
मलबे में दबकर एक की मौत और दो घायल; चार से पांच लोगों के दबे होने की आशंका !
दिल्ली। रोहिणी के सेक्टर-16 में एक निर्माणाधीन मकान बारिश के बीच ढह गया। पुलिस, एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। अब तक मलबे से दो लोगों को बाहर निकाला गया है, चार-पांच लोगों के दबे होने की आशंका है।
राजधानी में मंगलवार से रह-रहकर हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी में एक पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत जमींदोज हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एल-शेप कोने की इमारत का मलबा सड़क पर आ गिरा। वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार मलबे की चपेट में आ गया, जबकि रोड पर खड़ी कई गाड़ियां भी मलबे की चपेट में आ गईं।
अफरा-तफरी के बीच फौरन पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। हादसे के समय इमारत में कई मजदूर काम कर रहे थे। वह मलबे में दब गए। कुछ ही देर बाद पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव का काम शुरू हुआ। मलबे से निकालकर बाइक सवार व दो मजदूरों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया गया जबकि बाकी दो मजदूरों का उपचार जारी है। दूसरी ओर हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, डीडीएमए, एमसीडी समेत बाकी बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कई जेसीबी लगाकर मलबा हटाने का काम जारी है। मलबे में चार से पांच और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसा रोहिणी सेक्टर-16 के जी-4 में हुआ। यहां कौने पर प्लॉट नंबर-150 में 26-26 गज के दो प्लॉट को जोड़कर ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर चार मंजिलों का निर्माण किया गया था। सभी फ्लोर का लेंटर भी डाल दिया गया था। अब बाहर से बल्लियां लगाकर उसके प्लस्टर करने के अलावा फिनिशिंग का काम चल रहा था।
मंगलवार से हो रही बारिश की वजह से बुधवार को काम करने वाले राजमिस्त्री और मजदूरों की संख्या भी अन्य दिनों के मुकाबले कम थी। शाम करीब 4.20 बजे अचानक इमारत भरभराकर गिर गई। इसका मलबा जी-4 और जी-5 के बीच मौजूद 20 फुटा रोड पर जा गिरा। यहां सड़क पर कई कारें खड़ी थीं। इसके अलावा सड़क से भी लोग गुजर रहे थे।
पास से गुजर रहा एक बाइक सवार मलबे में दबा
मलबे में वहां से गुजर रहा बाइक सवार दब गया। तेज आवाज के साथ इमारत गिरी तो आसपास मौजूद लोग घरों से निकले और मदद के लिए भागे। सबसे पहले मलबे में दबे दो मजदूरों को निकाला गया। इसके बाद बाइक सवार को भी निकाल लिया। बाद में इनको पीसीआर की मदद से अंबेडकर अस्पताल भेजा गया।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस, दमकल की 6 गाड़ियां, एंबुलेंस, डीडीएमए की टीम, एनडीआरएफ और दूसरी सिविक एजेसियां वहां पहुंची। बाद में जेसीबी की मदद से मलबा हटाना शुरू हुआ। इसके अलावा दमकल कर्मियों व एनडीआरएफ की टीम ने कटर की मदद से लेंटर को काटना भी शुरू कर दिया। कुछ लोग मलबे में दबे हुए मदद मांगते दिखे।
फिलहाल पुलिस ने आसपास की घेराबंदी कर दी है। आसपास की कई इमारतों को भी एहतियात के तौर पर खाली करवा लिया गया है। देर शाम तक बचाव का काम जारी था। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने एक व्यक्ति की मौत और दो के जख्मी होने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि तीनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


0 Comments